Nepal Flood Emergency Helpline: नेपाल में आई अचानक बाढ़ के बाद सिवान जिला प्रशासन ने नेपाल में फंसे, लापता या संपर्क से बाहर जिले के पर्यटकों, यात्रियों और अन्य नागरिकों की मदद के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन सेवा शुरू की है. प्रशासन ने प्रभावित लोगों के परिजनों के लिए जिला हेल्पलाइन, राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र और भारतीय दूतावास के कई इमरजेंसी नंबर जारी किए हैं.
जिला प्रशासन ने अपील की है कि नेपाल में मौजूद किसी व्यक्ति से संपर्क नहीं हो पा रहा है या उसके प्रभावित होने की जानकारी है तो परिजन तत्काल हेल्पलाइन पर इसकी सूचना दें. जिला हेल्पलाइन एवं जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के लिए 06154-242000 नंबर जारी किया गया है. इसके अलावा 9473328100 पर व्हाट्सएप के माध्यम से भी सूचना दी जा सकती है.
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र से संपर्क के लिए 1070, 0612-2294204 और 0612-2294205 नंबर उपलब्ध कराए गए हैं.
नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए भारतीय दूतावास के आपातकालीन नंबर 977 9851316807, 977 9709107500 और 977 9810326117 भी जारी किए गए हैं. इन नंबरों पर व्हाट्सएप के जरिए भी संपर्क किया जा सकता है.
हेल्पलाइन पर सूचना देते समय परिजनों को लापता या प्रभावित व्यक्ति का पूरा नाम, मोबाइल नंबर, उम्र और पहचान से जुड़ी जानकारी देनी होगी. इसके साथ नेपाल में व्यक्ति के अंतिम ज्ञात स्थान, यात्रा की तारीख, यात्रा का उद्देश्य और गंतव्य की जानकारी भी साझा करनी होगी.
यदि व्यक्ति किसी टूर ऑपरेटर या ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से नेपाल गया है तो उसकी जानकारी भी प्रशासन को देने को कहा गया है. साथ यात्रा कर रहे लोगों के नाम और मोबाइल नंबर तथा संबंधित व्यक्ति से अंतिम बार कब और किस माध्यम से संपर्क हुआ था, इसकी जानकारी भी उपलब्ध करानी होगी.
यात्रा के दौरान इस्तेमाल किए गए वाहन या बस की जानकारी, संबंधित व्यक्ति की फोटो और पहचान पत्र की प्रति उपलब्ध होने पर हेल्पलाइन के साथ साझा की जा सकती है. इससे प्रभावित या लापता लोगों की पहचान और उनकी स्थिति का पता लगाने में संबंधित एजेंसियों को मदद मिल सकती है.
जिला प्रशासन ने परिजनों से घबराने के बजाय सही और सत्यापित जानकारी ही साझा करने की अपील की है. किसी व्यक्ति के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने पर भी इसकी सूचना प्रशासन को देने को कहा गया है.
नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की जानकारी जुटाने और उनकी सहायता के लिए जिला प्रशासन राज्य और केंद्रीय एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय कर रहा है.



