SHEOHAR: सरकारी राइफल के साथ मनोरंजन आधारित गाने पर रील बनाकर निजी सोशल मीडिया पर पोस्ट करना शिवहर जिले में कार्यरत महिला सिपाही प्रियंका कुमारी को महंगा पड़ गया है. मामले की जांच के बाद महिला सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय शिवहर की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शिवहर जिले में कार्यरत महिला सिपाही संख्या 503 प्रियंका कुमारी द्वारा स्वयं और अपनी बहन के माध्यम से सरकारी राइफल के साथ मनोरंजन आधारित गाने पर रील बनाते हुए वीडियो निजी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जा रहा था।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक, शिवहर ने जांच का निर्देश दिया। जांच के दौरान महिला सिपाही के विरुद्ध लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, नवादा को मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की अनुशंसा की गई। साथ ही, महिला सिपाही प्रियंका कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.
सरकारी संपत्ति के प्रदर्शन पर रोक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि पुलिस महानिदेशक, बिहार, पटना एवं बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से कर्तव्यस्थल पर मोबाइल फोन के इस्तेमाल तथा निजी सोशल मीडिया पर सरकारी संपत्ति के प्रदर्शन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को इन निर्देशों का पालन करना अनिवार्य है।
शिवहर पुलिस ने जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सचेत किया है. इस कार्रवाई के माध्यम से पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने और सरकारी संसाधनों के जिम्मेदाराना इस्तेमाल का संदेश दिया गया है।
शिवहर से समीर कुमार झा की रिपोर्ट






