SITAMARHI: सीतामढ़ी जिले में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डुमरा थाना क्षेत्र के बलुआ के पास डुमरा एवं रुन्नीसैदपुर थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शराब लदी टाटा नेक्सन कार का पीछा किया। पुलिस की सक्रियता के बाद कार से 32 कार्टून में रखी 207 लीटर रॉयल स्टैग विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टाटा नेक्सन कार (नंबर- BR 01 HE 3177) को भी जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, तस्कर टाटा नेक्सन कार में शराब की बड़ी खेप लेकर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वाहन का पीछा शुरू किया और बलुआ के पास कार्रवाई करते हुए शराब की खेप बरामद कर ली।
इस संयुक्त छापेमारी दल में डुमरा थाना के दरोगा अतुल कुमार, रुन्नीसैदपुर थाना के दरोगा राजशेखर एवं थाना प्रभारी प्रवीण कुमार शामिल थे।
कार से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद होने के बाद पुलिस तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है। वहीं, तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है।





