Bihar News: सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया गांव में अपराधियों ने जिला पार्षद सदस्य खुशी देवी के पति बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बैद्यनाथ महतो किसी काम से बाहर निकले थे। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। हत्या से आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आक्रोशित भीड़ ने सीतामढ़ी एसपी अमित रंजन के वाहन, डुमरा थाना की गाड़ी, टाउन थाना सहित पुलिस की करीब आधा दर्जन गाड़ियों में तोड़फोड़ कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान एक पुलिस वाहन को भी पलट दिया गया।
ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिसकर्मियों को मौके से पीछे हटना पड़ा। हंगामे के दौरान यातायात थाना प्रभारी प्रशांत कुमार और इंस्पेक्टर अनिल कुमार के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, 28 अगस्त को भी बैद्यनाथ महतो के ऊपर फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में उन्होंने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की।
इसी बात को लेकर लोगों में पहले से भारी आक्रोश था। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि पुलिस ने समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया होता, तो आज बैद्यनाथ महतो की हत्या नहीं होती। घटना के बाद लोगों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले में मिलीभगत की आशंका जताई है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।




