SHEOHARl शिवहर जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ शिवहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 10.641 किलोग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद किया है. पुलिस ने मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है.
कार्रवाई शिवहर थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव में की गई. एसडीपीओ ईशानी सिन्हा प्रेस वार्ता कर मीडिया को जानकारी दी है. 18 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह को सूचना मिली थी कि जाफरपुर निवासी प्रमोद गिरी के पुत्र शिवम कुमार द्वारा कथित रूप से अवैध गांजा का क्रय-विक्रय किया जा रहा है. सूचना के सत्यापन और विधिसम्मत कार्रवाई के लिए एसपी के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. इसमें डीआईयू की टीम एवं शिवहर थाना पुलिस को शामिल किया गया।
छापेमारी के दौरान घर से गांजा बरामद
गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर सूचना का सत्यापन किया है. इसके बाद जाफरपुर स्थित प्रमोद गिरी के घर पर छापेमारी की गई. पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान वहां से लगभग 10.641 किलोग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद हुआ. कार्रवाई के दौरान एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया. पुलिस ने बताया कि इस संबंध में शिवहर थाना कांड संख्या 412/26 दर्ज कर अग्रतर अनुसंधान एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
पुलिस के मुताबिक मामले में केवल बरामदगी तक कार्रवाई सीमित नहीं है. गांजा के क्रय-विक्रय आपूर्ति और वितरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हैं. शिवहर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध क्रय-विक्रय, भंडारण या तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को उपलब्ध कराएं. पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
शिवहर, समीर कुमार झा




