Bihar Crime: समस्तीपुर में बीच सड़क एक लड़की के साथ बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में कुछ युवक एक लड़की को घेरकर उसके साथ अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए समस्तीपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरा मामला कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव के पास बांध बाईपास रोड का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में 3-4 युवक एक लड़की को घेरते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि युवकों ने लड़की के साथ गाली-गलौज की, उसे सड़क पर खींचा और गलत तरीके से छूने की कोशिश की। इस दौरान युवक लगातार लड़की से उसका नाम और पता पूछते नजर आ रहे हैं।
समस्तीपुर पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 की शाम सोशल मीडिया निगरानी के दौरान इस वायरल वीडियो की जानकारी पुलिस के संज्ञान में आई। विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से प्रसारित हो रहे वीडियो में 3-4 व्यक्तियों द्वारा एक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वीडियो का तत्काल तकनीकी सत्यापन कराया। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रहे घटनास्थल की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध के पास सड़क के रूप में की। पुलिस के अनुसार, घटना लगभग एक सप्ताह पुरानी बताई जा रही है।
वीडियो में दिखाई दे रही पीड़िता प्रथमदृष्टया नाबालिग प्रतीत हो रही है। हालांकि, तत्काल उसकी पहचान स्थापित नहीं हो सकी। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारी के बयान के आधार पर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कर्पूरीग्राम थाना कांड संख्या 117/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए कार्रवाई तेज कर दी। समस्तीपुर पुलिस का दावा है कि सूचना मिलने के महज छह घंटे के भीतर ही घटना में शामिल सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में विकास कुमार, पिता रामसुंदर शर्मा, राहुल कुमार, पिता अरुण पासवान, रामबाबू सहनी, पिता महेश्वर सहनी और अवधेश पासवान, पिता नेवालाल पासवान शामिल हैं। इनमें विकास कुमार, राहुल कुमार और रामबाबू सहनी जगतसिंहपुर गांव के रहने वाले हैं, जबकि अवधेश पासवान बिजौलिया गांव का निवासी है। सभी आरोपी कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर घटना की परिस्थितियों की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले से जुड़ी संवेदनशील जानकारी को सोशल मीडिया पर वायरल करने के बजाय पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि जांच प्रभावित न हो और पीड़िता की निजता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मामले में चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई में जुटी है।





