1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 27, 2025, 11:59:23 AM
नमो भारत पर पथराव - फ़ोटो Google
Bihar news: बिहार में नमो भारत एक्सप्रेस (Namo Bharat Express) पर पथराव की गंभीर घटना सामने आई है। यह घटना समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड के हायाघाट स्टेशन पर उस समय हुई, जब ट्रेन संख्या 94804 (पटना-जयनगर) वहां अस्थायी रूप से खड़ी थी।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के दरवाजे ऑटोमेटिक हैं और हायाघाट स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं है। इसी दौरान किसी यात्री ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन न खुलने पर आक्रोशित होकर एक अज्ञात व्यक्ति ने कोच पर पत्थर फेंक दिया। इस पथराव में ट्रेन के शीशे में दो जगह दरार आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ सब इंस्पेक्टर विवेक कुमार और श्याम सुंदर कुमार सहित अन्य सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। हायाघाट स्टेशन मास्टर विश्वनाथ भारती के बयान पर आरपीएफ समस्तीपुर में केस दर्ज किया गया है। हालाँकि इस घटना में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई और ट्रेन अपने गंतव्य तक सुरक्षित पहुंच गई। मामले की जांच जारी है और दोषियों की तलाश की जा रही है।