SBI ATM Rule Change: अगर आपका अकाउंट स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में है, खासकर अगर आप Salary Package Account का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है।
SBI ने 1 अक्टूबर 2026 से दूसरे बैंकों के ATM और ADWM पर किए जाने वाले फ्री ट्रांजैक्शन की सीमा में बदलाव का ऐलान किया है। नए नियम के तहत सैलरी पैकेज अकाउंट धारकों को अब हर महीने 10 की जगह सिर्फ 5 फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगे।
SBI की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस के मुताबिक, यह बदलाव 1 अक्टूबर 2026 से लागू होगा। हालांकि, यह बदलाव SBI के अपने ATM/ADWM पर किए जाने वाले ट्रांजैक्शन पर लागू नहीं होगा। SBI ATM पर मौजूदा फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या और शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सैलरी अकाउंट वालों के लिए 10 की जगह 5 फ्री ट्रांजैक्शन
SBI Salary Package Account के सभी वेरिएंट के ग्राहकों के लिए दूसरे बैंकों के ATM/ADWM पर फ्री ट्रांजैक्शन की मासिक सीमा 10 से घटाकर 5 कर दी गई है। इन पांच ट्रांजैक्शन में Financial और Non-Financial दोनों तरह के ट्रांजैक्शन शामिल होंगे। यानी सिर्फ ATM से कैश निकालना ही नहीं, बल्कि बैलेंस चेक करना या मिनी स्टेटमेंट जैसी गैर-वित्तीय सेवाएं भी इसी सीमा में गिनी जाएंगी।
पांच ट्रांजैक्शन के बाद कितना लगेगा चार्ज?
फ्री लिमिट खत्म होने के बाद दूसरे बैंक के ATM/ADWM से कैश निकालने पर ₹23 + GST प्रति ट्रांजैक्शन शुल्क लगेगा। वहीं, फ्री लिमिट के बाद किए गए Non-Financial Transaction के लिए ₹11 + GST प्रति ट्रांजैक्शन देना होगा। खास बात यह है कि इन शुल्कों में बढ़ोतरी नहीं की गई है। बदलाव सिर्फ फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या में किया गया है।
SBI के अपने ATM पर नहीं बदलेगा नियम
ग्राहकों को यह समझना जरूरी है कि 1 अक्टूबर का नया नियम दूसरे बैंकों के ATM/ADWM पर SBI डेबिट कार्ड से किए जाने वाले ट्रांजैक्शन के लिए है। SBI के अपने ATM/ADWM पर मौजूदा फ्री ट्रांजैक्शन की सीमा और लागू सर्विस चार्ज में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इसके अलावा, SBI ने कार्डलेस कैश विड्रॉल के संबंध में भी कहा है कि SBI ATM/ADWM या दूसरे बैंकों के ATM/ADWM पर Unlimited Free Cardless Cash Withdrawal Transactions आगे भी जारी रहेंगे, जब तक कोई नया नोटिस जारी नहीं होता।
दूसरे सेविंग अकाउंट वालों पर क्या असर पड़ेगा?
SBI ने स्पष्ट किया है कि Salary Package Accounts के अलावा अन्य खातों के लिए दूसरे बैंकों के ATM पर फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या और लागू सर्विस चार्ज में इस बदलाव के तहत कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
BSBD खाताधारकों के लिए भी नया चार्ज
SBI ने Basic Savings Bank Deposit (BSBD) Account - Branch Channel के लिए भी 1 अक्टूबर 2026 से नया शुल्क लागू करने की जानकारी दी है। इसके तहत महीने में पहले चार Cash Withdrawals मुफ्त होंगे। इसके बाद पांचवीं और उससे आगे की कैश निकासी पर ₹15 + GST प्रति ट्रांजैक्शन शुल्क लगेगा। इस नियम में Branch, ATM, Micro-ATM, AEPS और CASH@POS समेत सभी माध्यमों से की गई कैश निकासी शामिल होगी। हालांकि, ग्राहक द्वारा डिजिटल माध्यम से किए जाने वाले UPI, IMPS, NEFT, RTGS और POS ट्रांसफर इस बदलाव से प्रभावित नहीं होंगे और ये सेवाएं मुफ्त रहेंगी।
एक नजर में समझें
SBI Salary Package Account: दूसरे बैंकों के ATM पर 1 अक्टूबर से 5 फ्री ट्रांजैक्शन।
पहले फ्री लिमिट: 10 ट्रांजैक्शन।
फ्री लिमिट के बाद Cash Withdrawal: ₹23 + GST।
Non-Financial Transaction: ₹11 + GST।
SBI ATM/ADWM: इस बदलाव से कोई परिवर्तन नहीं।
BSBD Branch Channel: महीने में 4 कैश निकासी मुफ्त, उसके बाद ₹15 + GST।
Cardless Cash Withdrawal: फिलहाल Unlimited Free Transactions जारी।





