Mumbai News: मुंबई में एक प्रतिष्ठित अमेरिकन स्कूल को धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया है। ईमेल में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, अभिनेता टाइगर श्रॉफ, गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ समेत कई प्रमुख हस्तियों के नामों का उल्लेख किया गया है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अमिताभ बच्चन को सीधे तौर पर कोई धमकी भरा ईमेल नहीं मिला है। उनके नाम का जिक्र स्कूल को भेजे गए ईमेल में किया गया है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में पंजाब से जुड़े एक संवेदनशील मुद्दे का भी उल्लेख किया गया है। ईमेल में इस्तेमाल की गई भाषा और संदर्भों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। धमकी भरा संदेश मिलने के तुरंत बाद स्कूल प्रशासन ने मुंबई पुलिस को इसकी सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की साइबर सेल और बीकेसी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस की विशेष टीम ईमेल के आईपी एड्रेस और सर्वर की जानकारी जुटा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश कहां से भेजा गया है और इसके पीछे कौन है।
इसी बीच, मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिलने की खबर सामने आई है। इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। आशंका जताई जा रही है कि शहर में दहशत फैलाने के उद्देश्य से ऐसे ईमेल भेजे गए हों। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। ईमेल की सत्यता, उसके स्रोत और इसमें उल्लिखित हस्तियों से जुड़े संदर्भों की पड़ताल की जा रही है।





