Bihar News: सत्याग्रह एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला यात्री के साथ छेड़खानी और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेल पुलिस सक्रिय हो गई। नरकटियागंज जंक्शन पर ट्रेन पहुंचते ही संयुक्त टीम ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। महिला की शिकायत पर रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब सात बजे ट्रेन संख्या 15274 सत्याग्रह एक्सप्रेस के एसी कोच एचए1 के सी-केबिन में हुई। आनंद विहार से रक्सौल जा रही ट्रेन बगहा स्टेशन से रवाना हुई थी। इसी दौरान महिला यात्री बाथरूम जाने के लिए उठी, तभी चार लोगों पर उसके साथ छेड़खानी करने और अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज करने का आरोप है।
महिला ने घटना की जानकारी अपने पति और सहयात्रियों को दी। इसके बाद यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपितों को पकड़ लिया और रेल पुलिस को सूचना दी। आरपीएफ पोस्ट कमांडर ऋतुराज कश्यप ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही संबंधित टीम को अलर्ट कर दिया गया था। नरकटियागंज जंक्शन पर ट्रेन पहुंचते ही आरपीएफ और रेल पुलिस की संयुक्त टीम कोच में पहुंची और चारों आरोपितों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अभिषेक कुमार (35), अनिल सिंह (35), विक्की कुमार राम (26) और उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी राजेश (28) के रूप में हुई है। रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद चारों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।





