Anant Singh News: बिहार की राजनीति में अपने बेबाक अंदाज के लिए चर्चित मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं. जेडीयू से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने के बाद उन्होंने पार्टी में वापसी की सभी संभावनाओं पर विराम लगा दिया है. बेटी की शादी के बाद मीडिया से बातचीत में अनंत सिंह ने साफ कहा कि जिस पार्टी ने उन्हें बाहर कर दिया, उसमें दोबारा जाने का सवाल ही नहीं उठता. उन्होंने अपने खास देसी अंदाज में कहा, ‘हम थूका हुआ चाटने नहीं जाएंगे.’
नीतीश कुमार को आज भी मानते हैं नेता
जेडीयू में वापसी को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही उन्हें पार्टी में लेकर आए थे. वे आज भी उनके नेता और भगवान हैं. हालांकि, पार्टी से निकाले जाने को लेकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की.
अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार को उनके साथ क्या हो रहा है, इसकी जानकारी नहीं है. उनकी तबीयत ठीक नहीं है. विधायक के मुताबिक, नीतीश कुमार ने उन्हें जेडीयू में शामिल कराया था, लेकिन पार्टी के दूसरे नेताओं ने उन्हें निष्कासित कर दिया. ऐसे में अब दोबारा पार्टी में लौटने का उनका कोई इरादा नहीं है.
विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे अनंत सिंह
बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने अपनी आगे की राजनीतिक योजना को लेकर भी बड़ा बयान दिया. उन्होंने साफ कहा कि अब वे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. अगर भविष्य में चुनाव लड़ने का मन हुआ तो सीधे लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे.
वहीं, पार्टी की ओर से विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर उनकी विधायकी समाप्त करने की मांग किए जाने पर भी उन्होंने अपनी बात रखी. अनंत सिंह ने कहा कि अगर मोकामा में उपचुनाव की नौबत आती है तो वे खुद मैदान में नहीं उतरेंगे. उनकी जगह बेटा चुनाव लड़ेगा या कोई दूसरा उम्मीदवार होगा, इसका फैसला जनता से पूछकर किया जाएगा.
उन्होंने विधायक बनने के बाद मिलने वाली सुविधाओं पर भी तंज कसा. अनंत सिंह ने कहा कि विधायक बनने पर चिड़ियाघर जैसा फ्लैट मिलता है, जहां जनता को पानी पिलाने तक की जगह नहीं होती.
बता दें कि 24 अक्टूबर 2026 को जेडीयू ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी पूर्व विधायक नीलम देवी को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था. पार्टी ने दोनों पर पार्टी विरोधी गतिविधियों, अनुशासनहीनता और शीर्ष नेताओं के खिलाफ बयानबाजी करने का आरोप लगाया था.
इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने विधानसभा अध्यक्ष से अनंत सिंह की विधायकी समाप्त करने की भी सिफारिश की थी. इसी फैसले के बाद से उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं. अब अनंत सिंह ने खुद जेडीयू में वापस नहीं जाने और आगे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने की बात कहकर अपना रुख साफ कर दिया है.
सरेंडर को लेकर भी बोले
राजनीतिक बयानबाजी के बीच अनंत सिंह दुलारचंद यादव हत्याकांड को लेकर भी चर्चा में हैं. सुप्रीम कोर्ट से जमानत रद्द होने के बाद उन्होंने दिसंबर के पहले सप्ताह में अदालत में सरेंडर करने की बात कही है.
वहीं, पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई रद्द किए जाने के फैसले पर भी अनंत सिंह ने नाराजगी जताई. उन्होंने सरकार के इस फैसले को गलत बताया है. फिलहाल जेडीयू से दूरी बनाने के बाद अनंत सिंह के इस बयान को बिहार की राजनीति में उनके अगले कदम के तौर पर देखा जा रहा है.





