Bihar Police: सारण जिले के सोनपुर स्थित पहलेजा घाट पर शुक्रवार सुबह रुपये के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते बवाल में बदल गया. दुकानदार और एक युवक के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने पहुंची गश्ती पुलिस के साथ ही युवक उलझ गया. आरोप है कि उसने सब इंस्पेक्टर उमाशंकर राय का कॉलर पकड़ लिया और हाथापाई करते हुए उनकी वर्दी फाड़ दी. काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने युवक को काबू में किया और हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया.
हिरासत में लिए गए युवक की पहचान सबलपुर उत्तरी पंचायत निवासी राजेश कुमार राय के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष संदीप कुमार के अनुसार, पहलेजा घाट के एक दुकानदार और राजेश कुमार राय के बीच रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद के दौरान युवक दुकानदार को गोली मारने की धमकी दे रहा था. इसकी सूचना मिलने पर गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची थी.
पूछताछ के दौरान दारोगा से भिड़ा युवक
मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर उमाशंकर राय ने जब युवक से विवाद के बारे में पूछताछ शुरू की तो वह पुलिस पदाधिकारी से ही उलझ गया. देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया. आरोप है कि युवक ने दारोगा का कॉलर पकड़ लिया और उनकी वर्दी फाड़ दी. इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत कर उसे काबू में किया और थाने ले गए.
थाने के बाहर जुटी लोगों की भीड़
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जमा हो गए. भीड़ बढ़ने और स्थिति को देखते हुए पुलिस ने थाने का मुख्य द्वार बंद कर दिया. वहीं, इस पूरे मामले को लेकर घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के एक पक्ष का कहना है कि युवक दुकानदार से अपना बकाया पैसा मांगने गया था. दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी. लोगों का आरोप है कि पुलिस के पहुंचने के बाद युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और युवक पुलिसकर्मियों से भिड़ गया.
हालांकि, थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि युवक पर दुकानदार को गोली मारने की धमकी देने और पुलिस पदाधिकारी के साथ हाथापाई करने का आरोप है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.





