Bihar News: बिहार में एक शिक्षक की शर्मनाक करतूत सामने आई है। सारण के मांझी प्रखंड के उत्क्रमित कन्या मध्य विद्यालय, महम्मदपुर में छात्रा के साथ अश्लील हरकत व छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने शिक्षक मनोज कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पीड़ित छात्रा के चाचा की ओर से मांझी थाने में दिए गए लिखित आवेदन के बाद थानाध्यक्ष बिनोद कुमार पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और आरोपित शिक्षक को हिरासत में ले लिया। घटना को लेकर मंगलवार को विद्यालय परिसर में ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया था। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपित शिक्षक की पिटाई भी कर दी थी।
मामले की शिकायत मिलने पर मांझी की प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) विभा कुमारी विद्यालय पहुंचीं और मामले की जांच-पड़ताल की। बीईओ विभा कुमारी ने बताया कि जांच के दौरान शिक्षक पर लगाए गए आरोप सही पाए गए हैं। बताया जाता है कि आरोपित शिक्षक उसी गांव के रहने वाले हैं और वर्ष 2005 में शिक्षा मित्र के रूप में उक्त विद्यालय में बहाल हुए थे। इस मामले में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने भी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर शिकायत की है।
इधर, घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने आरोपित शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने छात्रा के चाचा के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- पवन कुमार सिंह, छपरा





