ब्रेकिंग
बिहार में शिक्षक की गलती पर हेडमास्टर भी भुगतेंगे सजा! ACS CK अनिल के आदेश से सरकारी स्कूलों में मचेगा हड़कंप✦बिहार के इन जिलों को मिलेगा बड़ा तोहफा... 3,300 करोड़ की लागत से बनेगा 89 KM लंबा फोरलेन, जानें कब से शुरू होगा निर्माण कार्य✦मोकामा में ASI पर रिश्वत लेने का आरोप, मुकदमा दर्ज करने के बाद पैसे मांगने पहुंचे युवक की पिटाई का दावा; SDPO ने 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट...✦सड़क पर हर पुलिसवाला नहीं रोक सकता आपकी गाड़ी, बिहार में सिर्फ इस रैंक के अधिकारी को है वाहन चेकिंग का अधिकार... जानें नियम✦परिसीमन बिल पर संसद में बड़ा सियासी खेल! जेडीयू ने जारी किया 3 लाइन का व्हिप, चार दिन तक लोकसभा में रहना होगा अनिवार्य✦बिहार में शिक्षक की गलती पर हेडमास्टर भी भुगतेंगे सजा! ACS CK अनिल के आदेश से सरकारी स्कूलों में मचेगा हड़कंप✦बिहार के इन जिलों को मिलेगा बड़ा तोहफा... 3,300 करोड़ की लागत से बनेगा 89 KM लंबा फोरलेन, जानें कब से शुरू होगा निर्माण कार्य✦मोकामा में ASI पर रिश्वत लेने का आरोप, मुकदमा दर्ज करने के बाद पैसे मांगने पहुंचे युवक की पिटाई का दावा; SDPO ने 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट...✦सड़क पर हर पुलिसवाला नहीं रोक सकता आपकी गाड़ी, बिहार में सिर्फ इस रैंक के अधिकारी को है वाहन चेकिंग का अधिकार... जानें नियम✦परिसीमन बिल पर संसद में बड़ा सियासी खेल! जेडीयू ने जारी किया 3 लाइन का व्हिप, चार दिन तक लोकसभा में रहना होगा अनिवार्य

1 दिसंबर से 25 दिनों तक जनता के बीच जाएंगे BJP कार्यकर्ता, सम्राट चौधरी ने दिया सेवा दूत बनने का टास्क

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में बीजेपी की सेवा दूत प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया। 1 दिसंबर से 25 दिनों तक कार्यकर्ता जनता की समस्याएं सुनेंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मदद करेंगे।

बिहार न्यूज
सम्राट चौधरी ने बताई सेवा दूतों की जिम्मेदारी
© सोशल मीडिया
Jitendra Vidyarthi
7 मिनट

PATNA: बिहार में 1 दिसंबर से बीजेपी कार्यकर्ता सेवा दूत बनकर 25 दिनों तक जनता के बीच जाएंगे। इस दौरान कार्यकर्ता लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान में अहम भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।


मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष पूर्ण करने के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय सेवा दूत एवं विधानसभा समन्वयक प्रशिक्षण कार्यशाला का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित 'अटल सभागार में आयोजित इस कार्यशाला में पटना, मुंगेर, बेगूसराय एवं नालंदा संभाग के सेवा दूतों एवं विधानसभा समन्वयकों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यशाला में उपस्थित सभी सेवा दूतों का स्वागत करता हूं। आप सभी सेवा दूत बनकर अपने विधानसभा क्षेत्र सहित अन्य क्षेत्रों में जाकर काम करेंगे। इसका उद्देश्य स्पष्ट है कि भारतीय जनता पार्टी ने जो सेवा कार्य किए हैं, उन्हें जनता तक पहुंचाएं। जनता से सीधा संपर्क स्थापित करें, उन्हें सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों से अवगत कराएं तथा उनकी कठिनाइयों को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। 


उन्होंने कहा कि आगामी 1 दिसंबर से 25 दिनों तक आप सभी पार्टी कार्यकर्ता सेवा दूत के रूप में जनता के बीच जाएंगे। प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश को विकसित भारत बनाने की दिशा में हर क्षेत्र में काम किया जा रहा है। भारत तभी विकसित होगा, जब भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ जनता की समस्या को अपनी समस्या समझकर उसके समाधान के संकल्प के साथ कार्य करेगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ० श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने भारतीय जनसंघ की स्थापना की और देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे, का संकल्प लेकर अभियान चलाया। भारतीय जनता पार्टी ने अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। वर्ष 1980 में भाजपा का गठन हुआ और वर्ष 1996 में एन०डी०ए० का स्वरूप सामने आया, लेकिन सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता कायम रही। 


पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने कहा था कि एक दिन देश में भाजपा की सरकार बनेगी। वर्ष 2014 में जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत दिया। इसके बाद वर्ष 2019 में मिली प्रचंड जीत के उपरांत अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ तथा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो दशकों में एन०डी०ए० सरकार ने बिहार के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इसका परिणाम है कि वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में जनता ने एन०डी०ए० को 243 में से 202 सीटों पर जीत दिलाई। बिहार के विकास और जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सरकार लगातार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। 


उन्होंने कहा कि बिहार में 700 मॉडल स्कूलों को सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में स्थापित किया गया है। राज्य भर में सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 43 हजार गांवों में स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, हेल्थ सेंटर, सामुदायिक भवन, नाली-गली आदि के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। सरकार का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान कर उन्हें संतुष्ट करना है।


मुख्यमंत्री ने सहयोग कार्यक्रम की चर्चा करते हुए कहा कि इसके माध्यम से करीब 11 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका निष्पादन किया गया है। सहयोग कार्यक्रम के तहत प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया को सॉफ्टवेयर के माध्यम से पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया गया है। यह सुनिश्चित किया गया है कि 30 दिनों के अंदर हर हाल में उचित आदेश जारी हो, इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जा रही है।


सभी सेवा दूत वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान करें। जो लोग अब तक योजनाओं के लाभ से वंचित हैं, उन्हें सहयोग पोर्टल पर आवेदन करने के लिए प्रेरित करें। संगठन को मजबूत करने के लिए जनभावनाओं को अपने साथ जोड़ना आवश्यक है और यह तभी संभव है, जब हम जनता की कठिनाइयों को दूर करने के लिए सक्रियता से काम करेंगे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योग स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। पिछले एक वर्ष में राज्य में 9 हजार से अधिक कंपनियां रजिस्टर्ड हुई हैं। उद्योग स्थापित करने के लिए लाइसेंस देने की व्यवस्था 30 दिनों के अंदर सुनिश्चित की गई है। उन्होंने सेवा दूतों से पंचायत स्तर पर संगठन की संरचना को मजबूत करने तथा मंडल स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की।


मुख्यमंत्री ने महिला आरक्षण के विषय में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण विधेयक को संसद से पारित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। इसके लागू होने से बिहार में विधानसभा की 122 सीटों तथा लोकसभा की 20 सीटों में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता सेवा भाव के साथ जनता के बीच जाएं, उनकी कठिनाइयों को दूर करें और बिहार के विकास में अपना योगदान दें।


मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आगामी 1 दिसंबर से सेवा दूत के रूप में जनता के बीच जाकर प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान ही हमारा संकल्प होना चाहिये।


इस अवसर पर सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक संजय सरावगी, बिहार भाजपा के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

टैग्स