पटना : पटना जिले के मोकामा में पुलिस विभाग के एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) पर मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। घोसवरी थाना क्षेत्र के गोसाई गांव निवासी रणबीर कुमार ने ASI मनोज कुमार पासवान पर 25 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में डीएसपी को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की शिकायत की है और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, मनोज कुमार पासवान वर्तमान में मोकामा में ASI के पद पर तैनात हैं। रणबीर कुमार का आरोप है कि उन्होंने मनोज कुमार पासवान को 23 नवंबर 2026 को 25 हजार रुपये दिए थे। यह रकम किसी काम के सिलसिले में दी गई थी। ASI ने इसी फाइल को दबाने के लिए यह कहते हुए रकम का डिमांड किया था कि यदि तुम मुझे पैसे दे दोगे तो तुम्हारे ऊपर मुकदमा नहीं करूँगा। लेकिन वह रकम लेने के बाद भी मुकदमा दायर कर दिया। उसके बाद शिकायतकर्ता ने जब पैसे वापस करने बात कही त कथित तौर पर ASI ने शिकायतकर्ता 28 नवंबर को अपने कमरे पर बुलाया गया।
रात होने के कारण कमरे पर नहीं पहुंचे युवक
डीएसपी को दिए गए आवेदन में रणबीर कुमार ने बताया है कि मनोज कुमार पासवान ने पैसे वापस करने के लिए उन्हें अपने कमरे पर बुलाया था। हालांकि, उस समय रात अधिक हो जाने के कारण वह वहां नहीं गए। युवक के अनुसार, उन्होंने अगले दिन सुबह जाकर अपनी रकम लेने का फैसला किया।
आरोप है कि 29 नवंबर 2026 की सुबह रणबीर कुमार पैसे लेने के लिए मनोज कुमार पासवान के कमरे पर पहुंचे। उन्हें उम्मीद थी कि बातचीत के बाद उनके 25 हजार रुपये वापस मिल जाएंगे, लेकिन वहां पहुंचने के बाद मामला कथित तौर पर उलट गया।
कमरे में ASI पर सात बार मारपीट करने का आरोप
रणबीर कुमार ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि कमरे पर पहुंचने के बाद ASI मनोज कुमार पासवान ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता का दावा है कि उनके साथ सात बार मारपीट की गई। अचानक हुई इस घटना से वह घबरा गए और किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।
युवक का आरोप है कि वह अपने पैसे वापस लेने के लिए वहां पहुंचे थे, लेकिन उन्हें रकम मिलने के बजाय मारपीट का सामना करना पड़ा। हालांकि, आवेदन में मारपीट के दौरान आई चोटों और घटना के समय मौजूद अन्य लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।
DSP को आवेदन देकर लगाई न्याय की गुहार
कथित मारपीट की घटना के बाद रणबीर कुमार ने डीएसपी के नाम लिखित शिकायत दी है। आवेदन में उन्होंने पूरे घटनाक्रम का जिक्र करते हुए संबंधित ASI के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।शिकायतकर्ता ने अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर भी आवेदन में दर्ज कराया है। उन्होंने बताया है कि वह घोसवरी थाना क्षेत्र के गोसाई गांव के रहने वाले हैं। उनका आरोप है कि 25 हजार रुपये के लेन-देन के मामले में उनके साथ मारपीट की गई है।
पुलिसकर्मी पर आरोप से उठे सवाल
इस मामले में आरोप किसी आम व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पुलिस विभाग में तैनात एक ASI पर लगाया गया है। ऐसे में शिकायत की गंभीरता और बढ़ जाती है। यदि कोई पुलिसकर्मी ही किसी नागरिक के साथ मारपीट के आरोपों में घिरता है तो मामले की निष्पक्ष जांच और विभागीय जवाबदेही जरूरी हो जाती है।
फिलहाल, रणबीर कुमार की ओर से लगाए गए आरोपों पर ASI मनोज कुमार पासवान का पक्ष सामने नहीं आया है। इसको लेकर अब बाढ़ SDPO रामकृष्ण ने कहा कि - इस मामले में हमलोगों ने मोकामा के SHO को इस मामले में संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के अंदर इस संबंध में रिपोर्ट सबमिट करने को बोला है। ग्रामीण SP को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।अब उनके स्तर से इस मामले में कल निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि -प्रथम दृष्टता में यह मामला सत्य प्रतीत होता है अब रिपोर्ट आने के बाद एक्शन लिया जाएगा।





