Bihar Road Project: बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए एक बड़े फोरलेन प्रोजेक्ट की तैयारी चल रही है. करीब 3300 करोड़ रुपये की लागत से 89 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन बनाने की योजना है. इस परियोजना के पूरा होने से अरवल, जहानाबाद और नालंदा जिले के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. खास बात यह है कि सड़क बनने के बाद अरवल से बिहारशरीफ तक का सफर करीब 90 मिनट में पूरा किया जा सकेगा.
दरअसल, राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (NH-33) को टू-लेन से फोरलेन बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है. प्रस्तावित सड़क तीन जिलों अरवल, जहानाबाद और नालंदा से होकर गुजरेगी. फिलहाल कई जगहों पर सड़क की चौड़ाई कम होने और बाजारों में वाहनों की भीड़ के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है. फोरलेन बनने के बाद इन समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.
कई जगह बनेंगे बाइपास और एलिवेटेड रोड
इस परियोजना के तहत सिर्फ सड़क चौड़ीकरण ही नहीं, बल्कि कई जगहों पर बाइपास और एलिवेटेड रोड बनाने की भी योजना है. एकंगरसराय, अरवल और जहानाबाद में बाइपास प्रस्तावित हैं. इसके अलावा किंजर, इमामगंज, तेल्हाड़ा और बिहारशरीफ के आसपास भी बाइपास या एलिवेटेड रोड बनाने की योजना है.
इनके निर्माण से शहरों के बीच से गुजरने वाले भारी वाहनों को वैकल्पिक रास्ता मिल सकेगा. इससे बाजारों में वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है.
12 मौजों में जमीन अधिग्रहण की तैयारी
फोरलेन निर्माण के लिए 12 मौजों में जमीन का अधिग्रहण किया जाना है. इसके लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार, जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव करीब 15 दिन पहले मिला था, लेकिन उसमें कुछ कमियां मिलने के कारण उसे संशोधन के लिए वापस भेज दिया गया.
संशोधित प्रस्ताव मिलने के बाद जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. अरवल जिले के पांच मौजों में जमीन ली जानी है. इस परियोजना के पूरा होने से तीनों जिलों के बीच आवागमन आसान होने के साथ स्थानीय बाजारों और प्रमुख शहरों में ट्रैफिक का दबाव भी कम होने की उम्मीद है.





