DARBHANGA: दरभंगा में 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, चादर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले को 346 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक की सौगात दी। उन्होंने कुल 105 विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके साथ ही मैथिली भाषा, दरभंगा एयरपोर्ट और मिथिलांचल के औद्योगिक विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अगले तीन महीने में दरभंगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का काम शुरू किया जाएगा। इससे मिथिलांचल में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने 2030 तक बिहार में 30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा है। वहीं, 2020 की जगह 2030 तक बिहार के एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य बताया।
मुख्यमंत्री ने मैथिली भाषा के विकास को लेकर भी बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब पहली से छठी कक्षा तक मैथिली भाषा की पढ़ाई कराई जाएगी, ताकि नई पीढ़ी अपनी मातृभाषा से जुड़ी रहे और मैथिली का व्यापक विकास हो सके।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने महाकवि विद्यापति की प्रतिमा को राजकीय समारोह के साथ स्थापित करने की घोषणा की। वहीं, दरभंगा एयरपोर्ट का नाम बदलकर विद्यापति एयरपोर्ट करने का प्रस्ताव भी सामने रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार एक महीने के भीतर इस संबंध में केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मार्च 2027 तक दरभंगा का नया एयरपोर्ट आम लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा।
कुल मिलाकर 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह में मिथिला की भाषा, संस्कृति और विकास से जुड़े कई अहम मुद्दे सामने आए। मुख्यमंत्री की घोषणाओं में मैथिली की पढ़ाई, विद्यापति एयरपोर्ट का प्रस्ताव और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की शुरुआत प्रमुख रहे।





