Bihar Police News: सहरसा में स्मैक तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर घर के कुत्ते ने हमला कर दिया. इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए और छापेमारी के दौरान घर में मौजूद दोनों सगे भाई अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. हालांकि, कुछ देर बाद पुलिस ने दोनों को पोखर के पास से घेरकर गिरफ्तार कर लिया. तलाशी में मुख्य आरोपी के पास से 9.20 ग्राम स्मैक बरामद किया गया.
मामला सदर थाना क्षेत्र का है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झपरा टोला वार्ड नंबर 44 निवासी धर्मवीर कुमार और उसके भाई शशि कुमार के रूप में हुई है.
घर में स्मैक पैक करने की मिली थी सूचना
जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर 2026 की रात TOP-2 प्रभारी राघवेंद्र कुमार को सूचना मिली थी कि कुछ युवक अपने घर में अवैध रूप से स्मैक रखकर उसकी पैकिंग कर रहे हैं. सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को देने के बाद पुलिस टीम कार्रवाई के लिए शशि कुमार के घर पहुंची.
पुलिस टीम जैसे ही घर में प्रवेश करने लगी, वहां मौजूद कुत्ता जोर-जोर से भौंकने लगा और उसने TOP-2 प्रभारी राघवेंद्र कुमार और सिपाही दिलशाद इकबाल को काट लिया. अचानक हुई इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर घर के अंदर मौजूद धर्मवीर और शशि अंधेरे में वहां से भाग निकले.
अस्पताल से लौटते ही मिली दोनों के ठिकाने की सूचना
कुत्ते के काटने से घायल पुलिस पदाधिकारी और सिपाही को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया. इलाज कराने के बाद पुलिस टीम वापस लौट रही थी, तभी सूचना मिली कि दोनों आरोपी कायस्थ टोला स्थित पोखर के पास देखे गए हैं.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को चारों तरफ से घेर लिया और उन्हें पकड़ लिया.
जेब से मिला 9.20 ग्राम स्मैक
कहरा अंचल अधिकारी की मौजूदगी में दोनों आरोपियों की तलाशी ली गई. इस दौरान धर्मवीर कुमार की जेब से काले प्लास्टिक में बंधा 9.20 ग्राम स्मैक बरामद हुआ.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों भाइयों ने स्वीकार किया कि वे घर पर मिलकर स्मैक की पैकिंग करते थे. पुलिस टीम को देखते ही उन्होंने कुत्ते को खुला छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की.
पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई
पुलिस ने बताया कि मौके की स्थिति को देखते हुए पूरी कार्रवाई की मोबाइल से वीडियोग्राफी कराई गई. बरामद स्मैक को जब्त करने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया.
पुलिस ने दोनों भाइयों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में आगे की जांच की जा रही है और पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी स्मैक कहां से लाते थे और इसकी सप्लाई किन लोगों तक करते थे.
सहरसा से रितेश हन्नी की रिपोर्ट





