SASARAM: बिहार में राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग को लेकर बेल्ट्रॉन के माध्यम से बहाल डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में सासाराम में बिहार राज्य डाटा एंट्री ऑपरेटर संयुक्त मोर्चा के बैनर तले कर्मियों ने रोड मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
यह रोड मार्च संगठन के जिलाध्यक्ष राजू कुमार के नेतृत्व में निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में डाटा एंट्री ऑपरेटर शामिल हुए। प्रदर्शनकारी कर्मियों का कहना है कि सरकार उनसे विभिन्न विभागों में कई तरह के महत्वपूर्ण काम लेती है, लेकिन बेल्ट्रॉन के माध्यम से बहाल होने के कारण उन्हें राज्यकर्मियों के समान सम्मान और सुविधाएं नहीं मिलती हैं।
कर्मियों ने कहा कि लंबे समय से सरकारी कामकाज में अपनी जिम्मेदारी निभाने के बावजूद उन्हें वह मान-सम्मान और सेवा सुरक्षा नहीं मिल रही है, जिसके वे हकदार हैं। इसलिए अब उनकी केवल एक ही मांग है कि उन्हें राज्यकर्मी का दर्जा दिया जाए।
इसी मांग को लेकर बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में रोड मार्च निकाला जा रहा है। संगठन ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो 15 नवंबर से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
कर्मियों ने साफ कहा कि राज्यकर्मी का दर्जा मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
मोतिहारीं में भी बड़ी संख्या में डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने रोड मार्च निकाला। जिसकीं अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष संतोष कुमार कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पूरे बिहार के डाटा एंट्री ऑपरेटरों की यह मांग है कि उन्हें स्थाई कर्मी का दर्जा दिया जाये विगत 20 वर्षों से यह मांग किया जा रहा है पर सरकार का अबतक कोई निर्णय इसपर नहीं ले रही है जिस कारण आज आंदोलन करना पड़ रहा है लेकिन अगर अब भी सरकार हमारीं मांगे नहीं मानती है तो यह आंदोलन और उग्र और अनिश्चितकालीन होगा ।








