SAHARSA: सहरसा जिले के बनगांव थाना क्षेत्र के नगर पंचायत वार्ड नंबर-2 में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने भारतीय सेना में तैनात जवान के घर के साथ-साथ उसी मकान में किराए पर रह रही एक महिला प्रोफेसर के कमरे का भी ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने बुधवार को बनगांव थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-2 निवासी मनीष झा भारतीय सेना में लखनऊ में पदस्थापित हैं। घर पर उनकी बुजुर्ग मां ललिता देवी रहती हैं। ललिता देवी ने बताया कि सोमवार को अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद वह अपने मायके महिषी प्रखंड के सत्तरवार गांव चली गईं। घर में ताला लगा हुआ था।
देर रात घर पहुंचे रिश्तेदार, टूटा मिला ताला
मंगलवार देर रात करीब 11 बजे मनीष झा के साढ़ू घर की देखरेख और सोने के लिए पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर घर के कई कमरों के ताले भी टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। ललिता देवी के मुताबिक, चोरों ने उनके कमरे की अलमारी में रखे करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
महिला प्रोफेसर के कमरे में भी चोरी
इसी मकान में स्थानीय लक्ष्मीनाथ कॉलेज की प्रोफेसर रूपा देवी भी किराए पर रहती हैं। मूल रूप से पटना की रहने वाली रूपा देवी पिछले करीब दो महीने से कॉलेज की छुट्टियों के कारण अपने घर पटना गई हुई हैं। चोरों ने उनके कमरे का भी ताला तोड़ दिया और वहां रखे 5 हजार रुपये नकद, सोने की चेन समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बनगांव थाना पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है। पीड़ित की ओर से पुलिस को आवेदन दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
बनगांव थानाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है और आवेदन प्राप्त हुआ है। घटनास्थल की जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।





