Bihar Weather Alert: बिहार में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल गया है. पटना समेत राज्य के कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. तापमान में गिरावट के कारण लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है. मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को कई जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की आशंका जताई है. कैमूर, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, अरवल और औरंगाबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तर और मध्य बिहार के कई जिलों में येलो अलर्ट है.
मौसम में आए इस बदलाव का असर राजधानी पटना में भी देखने को मिल रहा है. सुबह से ही कुछ इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. आसमान में बादल छाए रहने और तापमान में गिरावट से मौसम सुहावना हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी पटना में बादल छाए रहने, बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है.
छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज हवा के साथ बारिश की आशंका
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, कैमूर, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, अरवल और औरंगाबाद में मौसम ज्यादा खराब रहने की आशंका है. इन जिलों में बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात हो सकता है. गया और नवादा समेत आसपास के कुछ इलाकों में भी खराब मौसम की संभावना जताई गई है.
वहीं, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, पटना, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, नालंदा, शेखपुरा और लखीसराय समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है.
पटना में अगले पांच दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी पटना में 29 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान है. मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस दिन अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
30 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
31 अक्टूबर को भी बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
एक नवंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज-चमक के आसार हैं. इस दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं, दो नवंबर को आसमान में आंशिक बादल और धुंध रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
सीमांचल और पूर्वी बिहार में भी बारिश का अलर्ट
सीमांचल और पूर्वी बिहार के कई जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान में सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, भागलपुर, बांका, मुंगेर और जमुई समेत कई जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है. सीमांचल के कुछ इलाकों में गुरुवार सुबह से हल्की बारिश भी हो रही है.
बारिश, तेज हवा और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है. गरज-चमक के दौरान खुले मैदानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए. मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखें और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें.





