Hindi News / bihar / rohtas-news / रोहतास को 480 करोड़ की सौगात: सीएम नीतीश बोले..बदल चुका है बिहार

रोहतास को 480 करोड़ की सौगात: सीएम नीतीश बोले..बदल चुका है बिहार

Bihar News: रोहतास के डेहरी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान विकास योजनाओं की बड़ी घोषणा ने लोगों का ध्यान खींचा। एक ही मंच से सैकड़ों योजनाओं का उद्घाटन हुआ, लेकिन इसके साथ ही उनके भाषण में कई ऐसे संदेश भी थे, जो राज्य की राजनी

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 24, 2026, 5:24:15 PM

रोहतास को 480 करोड़ की सौगात: सीएम नीतीश बोले..बदल चुका है बिहार

- फ़ोटो

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को अपनी समृद्धि यात्रा के तहत रोहतास जिले के डेहरी पहुंचे, जहां उन्होंने जिले को बड़ी विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 480 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 308 योजनाओं का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री विजय चौधरी, मंत्री सुनील कुमार, मंत्री दीपक प्रकाश सहित कई जनप्रतिनिधि, विधायक और विधान पार्षद मौजूद रहे।

 

डेहरी पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया और अधिकारियों से उसकी कार्यप्रणाली और व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद वे डेहरी ऑन सोन स्थित BMP मैदान पहुंचे, जहां एक जनसभा का आयोजन किया गया था। बड़ी संख्या में लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए।


जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में हुए विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में विकास की रफ्तार काफी धीमी थी, लेकिन उनकी सरकार बनने के बाद लगातार हर क्षेत्र में काम हुआ है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क जैसे बुनियादी क्षेत्रों में हुए सुधार को प्रमुख उपलब्धि बताया।


मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी बात की और कहा कि पहले लोग शाम के बाद घर से निकलने में डरते थे, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं भी सुरक्षित माहौल में अपने काम कर रही हैं। बिहार पुलिस में बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी इसका उदाहरण है। इसके साथ ही सरकारी नौकरियों में भी महिलाओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।


उन्होंने सामाजिक समरसता का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में सभी समुदायों के लिए समान रूप से काम किया गया है और अब आपसी सौहार्द बेहतर हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास रहा है कि सभी वर्गों तक विकास का लाभ पहुंचे।


कृषि क्षेत्र की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2008 के बाद कृषि रोड मैप बनाकर किसानों के लिए कई योजनाएं लागू की गईं, जिससे उत्पादन और आमदनी दोनों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि बिहार अब मछली उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।


बिजली व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 के बाद राज्य में तेजी से काम हुआ और लगभग हर घर तक बिजली पहुंचाई गई। उन्होंने कहा कि आम लोगों को राहत देने के लिए कई स्तर पर पहल की गई है, जिससे बिजली की उपलब्धता और स्थिति में सुधार हुआ है।


स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में नए मेडिकल कॉलेज खोले जा रहे हैं और पटना के पीएमसीएच को विश्वस्तरीय अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा रोहतास जिले में भी सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का काम किया गया है।


इस मौके पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी सभा को संबोधित किया और कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है।