Bihar Health News: बगहा के रामनगर में स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग होम, अल्ट्रासाउंड सेंटर और जांच घरों के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया. चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेश कुमार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रामनगर क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक संस्थानों की जांच की.
छापेमारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न नर्सिंग होम, अल्ट्रासाउंड सेंटर और पैथोलॉजी जांच केंद्रों के संचालकों से संस्थान से संबंधित जरूरी कागजात और दस्तावेज मांगे. टीम ने संस्थानों में उपलब्ध दस्तावेजों की जांच करते हुए उनकी वैधता की जानकारी ली.
इन संस्थानों में हुई जांच
अभियान के दौरान किलकारी, अपोलो अल्ट्रासाउंड, कामाख्या अल्ट्रासाउंड, गुड हेल्थ क्लिनिक, जन्मस्थान, जय अंबे पैथोलैब और सिटी पॉलीक्लिनिक समेत कई संस्थानों की जांच की गई. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित संचालकों से संस्थान के संचालन से जुड़े आवश्यक कागजात प्रस्तुत करने को कहा.
जांच के दौरान कुछ संस्थानों के संचालक मौके पर मौजूद नहीं मिले. वहीं कुछ संस्थानों के दस्तावेज जांच के दौरान वैध पाए गए. जिन संस्थानों की ओर से आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं किए गए हैं, उनके खिलाफ स्वास्थ्य विभाग आगे की कार्रवाई करेगा.
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्पष्ट किया कि जिन संस्थानों के पास संचालन से संबंधित जरूरी दस्तावेज नहीं पाए जाएंगे या जो संस्थान जांच के दौरान आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं करा सकेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. जरूरत पड़ने पर ऐसे संस्थानों को सील भी किया जा सकता है.




