Bihar Police Action: मोतिहारी में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी में लापरवाही पर चंपारण रेंज के DIG हर किशोर राय ने बड़ी कार्रवाई की है. DIG ने आधी रात नगर थाना का औचक निरीक्षण किया. करीब तीन घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित मिले पांच सिपाहियों और एक मुंशी को निलंबित करने का आदेश दिया गया. वहीं, थाना स्तर पर पर्यवेक्षण में लापरवाही को लेकर नगर थानाध्यक्ष का पांच दिन का वेतन भी स्थगित कर दिया गया.
DIG हर किशोर राय अचानक नगर थाना पहुंचे और थाना की व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न पंजी और अभिलेखों की जांच करने के साथ लंबित कांडों और उनके अनुसंधान की स्थिति की भी समीक्षा की. जांच के दौरान ड्यूटी में अनुपस्थित मिले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया.
लंबित मामलों के जल्द निष्पादन का निर्देश
निरीक्षण के दौरान DIG ने अनुसंधानकर्ताओं को लंबित मामलों का समय सीमा के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी कांडों की नियमित समीक्षा की जाए और अनुसंधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए.
थाना स्तर पर पर्यवेक्षण में लापरवाही मिलने पर नगर थानाध्यक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई की गई. उनका पांच दिन का वेतन स्थगित करने का आदेश दिया गया है.
DIG ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ड्यूटी और अनुसंधान में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली को बेहतर रखने और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने पर जोर दिया.
औचक निरीक्षण के दौरान एसपी स्वर्ण प्रभात समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. DIG की आधी रात हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा रहा.




