EAST CHAMPARAN: पैक्स सहकारी समितियों को मजबूत और बेहतर बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। खाद वितरण से लेकर राशन वितरण तक की जिम्मेदारी पैक्स को दी गई है, ताकि किसानों और आम लोगों को इसका लाभ मिल सके। इसी बीच पूर्वी चंपारण के पकड़ीदयाल प्रखंड स्थित बड़कागांव पैक्स में समिति के 8 सदस्यों ने एक साथ इस्तीफा दे दिया। सदस्यों ने पैक्स अध्यक्ष पर मनमानी और गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं।
इस्तीफा देने वाले सदस्यों में पूरन कुमार, अंजू कुमारी समेत अन्य सदस्य शामिल हैं। सदस्यों का आरोप है कि पैक्स अध्यक्ष लगातार मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं और समिति के सदस्यों को किसी भी निर्णय में शामिल नहीं किया जाता। आरोप है कि अध्यक्ष स्वयं ही हस्ताक्षर कर कई फैसले लेते हैं, जिससे समिति के कामकाज में पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।
सदस्यों के मुताबिक, उन्होंने कई बार पैक्स अध्यक्ष को समझाने और व्यवस्था में सुधार की कोशिश की, लेकिन कोई बदलाव नहीं हुआ। लगातार हो रही कथित गड़बड़ियों से परेशान होकर सभी 8 सदस्यों ने प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
मामले की जांच के लिए पहुंचे प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी जितेंद्र कुमार चौरसिया ने बताया कि जिला सहकारिता पदाधिकारी के निर्देश पर बड़कागांव पैक्स समिति की बैठक बुलाई गई थी, लेकिन बैठक में एक भी सदस्य उपस्थित नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पैक्स अध्यक्ष पर लगाए गए आरोप गंभीर हैं।
प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी। इसके बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एक साथ 8 सदस्यों के इस्तीफे के बाद बड़कागांव पैक्स की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, यह मामला स्थानीय ग्रामीणों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट





