Bihar News: पूर्णिया में वित्तीय संस्थानों और सीएसपी केंद्रों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है. अपराध नियंत्रण और वित्तीय लेनदेन से जुड़े केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा को लेकर शनिवार को पुलिस केंद्र, पूर्णिया में शहरी क्षेत्र और आसपास के सीएसपी संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. शौर्य सुमन ने की.
बैठक में सीएसपी केंद्रों पर होने वाले नकद लेनदेन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, हाल के दिनों में सामने आए व्यावसायिक अपराधों के तौर-तरीकों और संभावित सुरक्षा खतरों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. एसएसपी ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वित्तीय लेनदेन वाले केंद्रों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
सीसीटीवी और सुरक्षा अलार्म लगाना अनिवार्य
एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने सभी सीएसपी संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि केवल कैमरे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित निगरानी और रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि किसी घटना की स्थिति में पुलिस को जांच में मदद मिल सके.
इसके साथ ही सीएसपी केंद्रों में सुरक्षा अलार्म लगाने पर भी विशेष जोर दिया गया. किसी आपात स्थिति में अलार्म के माध्यम से तत्काल पुलिस और आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी मिल सकेगी.
बड़ी रकम के लेनदेन में बरतें विशेष सावधानी
बैठक के दौरान सीएसपी संचालकों को नकद लेनदेन के समय गोपनीयता बनाए रखने की सलाह दी गई. बड़ी रकम के लेनदेन और नकदी को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया.
पुलिस ने संचालकों से कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना देरी किए संबंधित थाना पुलिस को सूचना दें. बड़ी रकम के परिवहन की स्थिति में आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय थाना से समन्वय कर पुलिस सुरक्षा भी ली जा सकती है.
पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सीएसपी संचालकों से सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की अपील की. संचालकों को किसी भी तरह की आशंका या सुरक्षा संबंधी समस्या होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने को कहा गया.
एसएसपी ने कहा कि वित्तीय संस्थानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है. सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी. बैठक के दौरान पुलिस और सीएसपी संचालकों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया.





