Purnia Rojgar Mela 2026: पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में रविवार को भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया. पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पहल पर आयोजित इस रोजगार मेले में पूर्णिया समेत अररिया, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल और कटिहार जिले से बड़ी संख्या में युवा पहुंचे.
आयोजकों के अनुसार, रोजगार मेले के माध्यम से करीब 20 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया. मेले में अलग-अलग कंपनियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का चयन किया. शैक्षणिक योग्यता और जरूरी दस्तावेजों के सत्यापन के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे.
दस्तावेजों की जांच और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को मंच पर बुलाकर ऑफर लेटर और नियुक्ति पत्र सौंपे गए. मौके पर नियुक्ति और ऑफर लेटर मिलने से चयनित युवाओं में उत्साह देखने को मिला. युवतियों के लिए वर्क फ्रॉम होम के अवसर भी उपलब्ध कराए गए.
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पूर्णिया में 20 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के बाद अब पटना में करीब 25 हजार युवाओं को रोजगार देने की तैयारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है. इसके लिए कंपनियों और रोजगार देने वाले संस्थानों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है.
रोजगार मेले में आठवीं, बारहवीं, इंटरमीडिएट, आईटीआई, स्नातक, स्नातकोत्तर, बीसीए और एमबीए सहित अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए. अभ्यर्थियों से शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के साथ बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो लाने को कहा गया था.
मेले में आईटी, बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, इंश्योरेंस, हॉस्पिटैलिटी, मैन्युफैक्चरिंग, रिटेल, सेल्स और मार्केटिंग समेत कई क्षेत्रों में नियुक्ति के अवसर दिए गए. विभिन्न कंपनियों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे और अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया में शामिल हुए.
इंदिरा गांधी स्टेडियम में सुबह से ही बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने से दिनभर चहल-पहल बनी रही. रोजगार के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच, इंटरव्यू और चयन की प्रक्रिया अलग-अलग स्तरों पर चलती रही. चयनित युवाओं को मौके पर ही ऑफर और नियुक्ति पत्र मिलने से उनके चेहरे पर खुशी नजर आई.





