1st Bihar Published by: First Bihar Updated Sun, 08 Feb 2026 07:35:08 AM IST
- फ़ोटो
Pappu Yadav : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने 31 साल पुराने मामले में शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके कारण उन्हें राजधानी के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) और फिर पीएमसीएच में भर्ती कराया गया।
सूत्रों के अनुसार, सांसद पप्पू यादव को शुक्रवार रात 10 बजे उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सिटी एसपी के नेतृत्व में उन्हें रात 12 बजे आवास से बाहर लाया और 12:45 बजे IGIMS ले जाया गया। वहां रातभर उन्हें मेडिकल निगरानी में रखा गया।
शनिवार सुबह नौ बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उनके ब्लड प्रेशर में उछाल, छाती में असहजता, सिर दर्द, घबराहट और तेज धड़कन जैसी शिकायतें आईं। तत्काल उन्हें पुलिस सुरक्षा में पीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।
पीएमसीएच में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच की, जिसमें ब्लड प्रेशर, पल्स, ऑक्सीजन लेवल और शुगर की जांच शामिल थी। डॉक्टरों ने बताया कि सांसद की स्थिति गंभीर नजर आने पर उन्हें इमरजेंसी वार्ड में रखा गया और स्लाइन व दवाइयों के माध्यम से इलाज शुरू किया गया। इसके साथ ही ईसीजी और अल्ट्रासाउंड सहित अन्य आवश्यक जांचें की गईं।
प्राथमिक जांच के बाद सांसद को विस्तृत कार्डियक परीक्षण के लिए इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान (IGIC) भेजा गया। यहां निदेशक डॉ. सुनील कुमार और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने ईसीजी, इको और एहतियातन सिटी एंजियोग्राफी की, जिसकी रिपोर्ट सामान्य पाई गई।
सांसद की गिरफ्तारी और इलाज की पूरी टाइमलाइन इस प्रकार रही:
शुक्रवार रात 10 बजे: पटना पुलिस सांसद को उनके आवास से गिरफ्तार करने पहुंची।
रात 12 बजे: सिटी एसपी के नेतृत्व में उन्हें गिरफ्तार कर आवास से बाहर लाया गया।
रात 12:45 बजे: सांसद को IGIMS ले जाया गया।
शनिवार सुबह 6 बजे: सुरक्षा व्यवस्था के बीच इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया।
दोपहर 2 बजे: पीएमसीएच से एंबुलेंस के माध्यम से सिविल कोर्ट ले जाया गया।
शाम 5:40 बजे: कड़ी सुरक्षा के बीच बेउर जेल भेजा गया।
शाम 7:45 बजे: बेउर जेल से पीएमसीएच लाया गया।
पीएमसीएच अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने कहा कि सभी आवश्यक जांचों के बाद सांसद की स्थिति फिलहाल स्थिर है। उन्हें कैदी वार्ड में भर्ती करने की प्रक्रिया जारी है। इस बीच सांसद के समर्थकों ने अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। उनके निजी सचिव ने बताया कि बेउर जेल से पीएमसीएच लाए जाने के बाद उन्हें वार्ड में भर्ती नहीं किया गया और लगभग आधे घंटे तक कॉरिडोर में रखा गया। अस्पताल प्रशासन ने इसे खारिज करते हुए कहा कि सभी आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं और सांसद को उचित उपचार मिल रहा है।
डॉक्टरों ने सांसद की लगातार ब्लड प्रेशर और हार्ट रेट की निगरानी कर रहे हैं। प्राथमिक इलाज और कार्डियक परीक्षण के बाद सांसद की हालत स्थिर बताई गई है। अस्पताल की ओर से यह भी बताया गया कि सांसद की सभी जाँचों में कोई गंभीर समस्या नहीं पाई गई।
इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा है। समर्थक सांसद की सुरक्षा और इलाज की स्थिति को लेकर चिंतित हैं, जबकि प्रशासन ने साफ किया कि सांसद को हर संभव चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है।सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी और स्वास्थ्य स्थिति ने राजधानी पटना में एक बार फिर राजनीतिक और मीडिया ध्यान केंद्रित कर दिया है। यह मामला अब न्यायालय में भी विचाराधीन है और स्वास्थ्य संबंधी अपडेट भी लगातार जारी किए जा रहे हैं।