Cyclone Akv News: बंगाल की खाड़ी में उठे अति गंभीर चक्रवाती तूफान Akvan का असर बिहार के मौसम पर भी पड़ने वाला है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 20 से 22 नवंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान भागलपुर और कटिहार में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है. वहीं, कुछ जिलों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवा चलने की भी आशंका है.
मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से 19 नवंबर को जारी अपडेट के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में मौजूद अति गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ पिछले छह घंटों के दौरान 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ा है. 19 नवंबर की सुबह 5:30 बजे तूफान आंध्र प्रदेश के नरसापुर से करीब 440 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 530 किलोमीटर दक्षिण में केंद्रित था.
20 से 22 नवंबर तक बिहार में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान के प्रभाव और राज्य में पूर्वी हवाओं के सक्रिय होने से अगले तीन दिनों तक बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. 20 से 22 नवंबर के बीच पूर्वी और मध्य बिहार के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
वहीं, 21 नवंबर को राज्य के पूर्वी हिस्से में कुछ स्थानों पर गरज-चमक और वज्रपात के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.
भागलपुर और कटिहार में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने 21 नवंबर को भागलपुर और कटिहार जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई है. इसके अलावा पूर्वी और मध्य बिहार के अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
तेज हवा और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है.
संभावित बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को भी सावधानी बरतने को कहा है. विभाग के अनुसार, जिन फसलों की कटाई हो चुकी है या जो पककर तैयार हैं, उन्हें जल्द सुरक्षित और सूखे स्थान पर रख लें. खेतों में कटी हुई फसल और खुले में रखे कृषि उत्पादों को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल का इस्तेमाल करें.
इसके अलावा सब्जियों और दूसरी फसलों में फिलहाल अनावश्यक सिंचाई नहीं करने तथा खेतों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था रखने की सलाह दी गई है.
तेज हवा और बारिश से नुकसान की आशंका
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज झोंकेदार हवा, वज्रपात और भारी बारिश से पेड़-पौधों, खड़ी फसलों और कमजोर मकानों को नुकसान पहुंच सकता है. वहीं, निचले इलाकों में जलजमाव और सड़कों पर पानी भरने की स्थिति बन सकती है.
लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है.





