BPSSC News: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) के नए चेयरमैन की जिम्मेदारी वरिष्ठ IPS अधिकारी जेएस गंगवार को सौंपी गई है. 1993 बैच के IPS अधिकारी गंगवार फिलहाल DG विजिलेंस के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें यह जिम्मेदारी अतिरिक्त प्रभार के रूप में दी गई है. अब वे अपनी मौजूदा जिम्मेदारी के साथ बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के अध्यक्ष का काम भी संभालेंगे.
BPSSC के पूर्व अध्यक्ष और बिहार के पूर्व DGP केएस द्विवेदी के छुट्टी पर जाने के बाद से यह पद खाली था. जानकारी के अनुसार, केएस द्विवेदी 15 सितंबर से करीब एक महीने के अवकाश पर गए थे. उन्होंने पारिवारिक कारणों और अपनी पत्नी के इलाज के लिए छुट्टी ली थी. हालांकि, छुट्टी के बाद उनके पद पर वापसी नहीं होने से आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी खाली पड़ी थी.
कौन हैं जेएस गंगवार?
जेएस गंगवार 1993 बैच के IPS अधिकारी हैं और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. उनके पास बिहार पुलिस में लंबे समय तक काम करने का अनुभव है. वे 31 जुलाई 2027 को सेवानिवृत्त होंगे. राज्य के अलग-अलग जिलों में फील्ड पोस्टिंग के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था संभालने के साथ नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण की जिम्मेदारी भी निभाई है.
गंगवार झारखंड के गढ़वा, चतरा और पलामू के अलावा बिहार के रोहतास, कैमूर, नालंदा, नवादा और जहानाबाद जैसे जिलों में भी काम कर चुके हैं. इन इलाकों में नक्सली गतिविधियों को रोकने और पुलिस अभियान चलाने का उन्हें अनुभव रहा है.
साल 2005 में नीतीश सरकार ने 1989 के भागलपुर दंगा मामले की जांच दोबारा शुरू कराई थी. उस समय जेएस गंगवार को भागलपुर का एसपी बनाकर भेजा गया था. दंगा मामले के आरोपियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है.
इसके अलावा नवादा, शेखपुरा और नालंदा में जातीय तनाव और हिंसा के दौरान भी उन्होंने कानून-व्यवस्था संभाली थी. अशोक महतो और राजो सिंह से जुड़े जातीय तनाव के दौर में भी वे पुलिसिंग की जिम्मेदारी निभा चुके हैं.
गंगवार को नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में काम करने, दंगा नियंत्रण और जातीय संघर्ष के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने का लंबा अनुभव है. इसके साथ ही वे निगरानी, साइबर और आर्थिक अपराध इकाई (EOU) में भी काम कर चुके हैं. अब उन्हें बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की जिम्मेदारी सौंपी गई है.





