Bihar News: भागलपुर के खरीक थाना क्षेत्र में कोसी नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ढोढिया दादपुर गांव के समीप नदी में नहाने उतरे चार बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख नदी किनारे अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत नदी में उतरकर बचाव की कोशिश की, जिसमें दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो अन्य बच्चे अब भी लापता हैं।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और लापता बच्चों की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों की तत्परता से दो बच्चों की जान बच गई, लेकिन बाकी दोनों का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। उनके लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, चारों बच्चे ढोढिया दादपुर गांव के समीप कोसी नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को परेशानी में देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया और उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। काफी प्रयास के बाद दो बच्चों को बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो बच्चे पानी में लापता हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही नदी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का जायजा लिया और लापता बच्चों की तलाश में चल रहे बचाव अभियान में सहयोग शुरू किया। ग्रामीण भी लगातार नदी में बच्चों की खोजबीन कर रहे हैं।
एक साथ दो बच्चों के लापता होने की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन बेसब्री से बच्चों के मिलने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से लापता बच्चों की तलाश के लिए गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम बुलाने तथा बचाव अभियान तेज करने की मांग की है।





