DARBHANGA: दरभंगा में गांजा पीने का विरोध करना एक पिता और बेटे को भारी पड़ गया। आरोप है कि गांजा पीने से मना करने पर बदमाशों ने पिता को गोली मार दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे के सिर पर पिस्टल के बट से हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया।
घटना जाले थाना क्षेत्र के देवरा बंधौली पंचायत अंतर्गत धमाद गांव के श्रीराम चौक की है। घायलों की पहचान 40 वर्षीय सुनील सहनी और उनके 19 वर्षीय बेटे सुजीत सहनी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि श्रीराम चौक पर कुछ लोग गांजा पी रहे थे। इसी दौरान सुनील सहनी ने इसका विरोध किया। इस बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपितों ने सुनील सहनी की कमर में गोली मार दी। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे सुजीत के सिर पर पिस्टल के बट से हमला कर दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने श्रीराम चौक पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया। सड़क पर बेंच, डेस्क और बाइक लगाकर आवागमन बाधित कर दिया गया। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सभी आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना मिलने पर तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उसे भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। कमतौल एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन के पहुंचने के बाद भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। इस दौरान कुछ ग्रामीण पुलिस की गाड़ियों पर पत्थरबाजी करने पर उतारू हो गए।
वहीं, एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।





