Patna School News: बिहार में भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के कारण लोगों का भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर भीषण गर्मी में स्कूली बच्चों के स्कूल जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसको ध्यान में रखते हुए पटना जिला प्रशासन ने निजी और सरकारी स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव कर दिया है।
डीएम त्यागराजन एस एम के आदेश के मुताबिक, पटना में प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों सहित 8वीं तक के सभी स्कूलों में कक्षाएं 11 बजे तक ही संचालित की जाएंगी। 11 बजे के बाद कक्षा के संचालन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। पटना जिला प्रशासन का यह आदेश आगामी 21 मई 2026 तक लागू रहेगा।
जिला दंडाधिकारी पटना की कोर्ट की तरफ से जारी आदेश में कहा गया कि, “जिले में रह रहे अधिक तापमान, विशेष रूप से दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। अतः मैं डॉ० त्यागराजन एस.एम., जिला दंडाधिकारी, पटना भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत जिले के सभी निजी / सरकारी विद्यालयों में वर्ग-08 तक (प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों सहित) की गतिविधियों पर पूर्वा० 11.00 बजे के बाद प्रतिबंध लगाता हूँ। विद्यालय प्रबंधन को एतद् द्वारा निदेश दिया जाता है कि वे उल्लिखित आदेश के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों को पुनर्निर्धारित करेंगे। उपर्युक्त आदेश दिनांक 18.05.2026 से 21.05.2026 तक लागू रहेगा।यह आदेश दिनांक 17.05.2026 को मेरे हस्ताक्षर एवं न्यायालय की मुहर से निर्गत किया गया”।




