बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के विकास को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के लिए जो सपने देखे थे और जिन मुद्दों को लगातार उठाया था, उन्हें अब पूरा करने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नीतीश कुमार के सहयोग से बिहार को विकसित राज्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्र सरकार के मंत्रियों से मुलाकात के बाद बिहार के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। इसमें नदियों से गाद निकालकर बाढ़ की समस्या कम करने, छठ-दिवाली पर बिहार आने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने, औद्योगिक कॉरिडोर बनाने और निवेश बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल हैं।
नीतीश कुमार के सपने को पूरा कर रही सरकार, गाद निकालने की बनेगी योजना
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में गाद नीति का निर्माण किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मुद्दे को लगातार उठाते रहे थे। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में केंद्र सरकार के संबंधित विभाग के साथ समझौता किया गया है। इस समझौते के तहत नदियों से गाद निकालने का काम किया जाएगा। सम्राट चौधरी का कहना है कि इससे बिहार को हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या से राहत दिलाने में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के कामों और उनके सपनों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
छठ-दिवाली पर बिहार आने वालों के लिए चलेंगी ज्यादा ट्रेनें
मुख्यमंत्री ने त्योहारों में बिहार आने वाले लाखों यात्रियों की परेशानी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि रेलवे मंत्री से मुलाकात कर छठ और दिवाली के दौरान बिहार के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का आग्रह किया गया है।सम्राट चौधरी के मुताबिक, पिछले साल 10 हजार से अधिक जोड़ी ट्रेनें चलाई गई थीं। इस बार इससे भी अधिक ट्रेनें चलाने की मांग की गई है, ताकि दूसरे राज्यों में रहने वाले बिहार के लोग आसानी से अपने घर पहुंच सकें और छठ महापर्व अपने परिवार के साथ मना सकें।
गया के बाद मुजफ्फरपुर और दरभंगा में भी बनेगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर?
बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार बड़े स्तर पर तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि गया में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है। अब मुजफ्फरपुर और दरभंगा में भी ऐसी व्यवस्था विकसित करने का प्रस्ताव दिया गया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इन प्रस्तावों को मंजूरी मिल जाएगी। सम्राट चौधरी ने बताया कि बिहार में करीब 13 हजार एकड़ जमीन उद्योगों के लिए उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। अब तक एक हजार से अधिक उद्योगों को जमीन दी जा चुकी है। सरकार आगे भी निवेशकों को बिहार से जोड़ने का काम करेगी।
पटना में डेटा सेंटर का काम शुरू, निवेश को लेकर सरकार गंभीर
मुख्यमंत्री ने बिहार में डेटा सेंटर परियोजना को भी बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में सरकार बनने के बाद इसके लिए जमीन उपलब्ध कराने की पहल की गई थी। पटना में संबंधित परियोजना का उद्घाटन भी किया गया और अब डेटा सेंटर का काम शुरू हो चुका है।उनका कहना है कि बिहार में उद्योग और तकनीकी क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
भूपेंद्र यादव से मिले सम्राट, पर्यावरण मंजूरी की रखी मांग
औद्योगिक कॉरिडोर और पर्यटन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव से भी मुलाकात की। उन्होंने बिहार में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और पर्यटन परियोजना के लिए जल्द पर्यावरणीय मंजूरी देने का आग्रह किया।सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन की व्यवस्था दी और संगठित अपराध को खत्म करने की दिशा में काम किया। उनकी सरकार उसी व्यवस्था को आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नीतीश कुमार के सहयोग से बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। अब इन घोषणाओं को जमीन पर उतारना सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी।




