Bihar News : पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल से मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है। मेडिकल आईसीयू (MICU) में मरीज के तीमारदार और चिकित्सकों के बीच हुई कथित हाथापाई के बाद जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (JDA) ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल में लगातार दुर्व्यवहार, मारपीट और धमकी की घटनाओं से काम करना मुश्किल हो रहा है। जब तक उनकी सुरक्षा से जुड़ी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
मामला बुधवार को PMCH के नेफ्रोलॉजी विभाग स्थित मेडिकल आईसीयू का है। यहां भर्ती मरीज शैलेंद्र कुमार को देखने एक महिला परिजन पहुंचीं। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह के अनुसार, महिला ने जूता पहनकर आईसीयू में प्रवेश करने का प्रयास किया। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें जूता उतारकर अंदर जाने को कहा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि महिला ने इसके बाद मोबाइल से आईसीयू का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। चिकित्सकों ने संवेदनशील वार्ड में रिकॉर्डिंग करने से मना किया तो वह नाराज हो गईं। डॉक्टरों का आरोप है कि महिला ने चिकित्सकों के साथ अभद्र व्यवहार किया और हाथापाई की। बीच-बचाव के दौरान एक सुरक्षा कर्मी को भी चोट आई। महिला के पति पर भी विभागाध्यक्ष, उपाधीक्षक और अन्य चिकित्सकों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद जूनियर डॉक्टरों ने पहले कार्य बहिष्कार किया और अस्पताल प्रशासन को अपनी मांगों से संबंधित लिखित शिकायत सौंपी। प्रशासन की ओर से अस्पताल परिसर स्थित पुलिस टीओपी में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद डॉक्टर शाम करीब पांच बजे काम पर लौट आए थे। लेकिन आरोप है कि महिला तीमारदार के दोबारा अस्पताल पहुंचकर हंगामा करने के बाद चिकित्सकों का आक्रोश फिर बढ़ गया। इसके बाद JDA ने बेमियादी हड़ताल का फैसला लिया।
जूनियर डॉक्टरों की सबसे बड़ी मांग अस्पताल में सुरक्षित कार्यस्थल की है। एसोसिएशन ने डॉक्टरों, नर्सिंग कर्मियों और सुरक्षा गार्डों के साथ मारपीट या दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। डॉक्टरों का कहना है कि अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए नियम जरूरी हैं, लेकिन स्वास्थ्यकर्मियों के सम्मान और सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता।
JDA ने मेडिकल आईसीयू और दूसरे संवेदनशील विभागों में प्रवेश के नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग भी उठाई है। इसके तहत निर्धारित समय पर सीमित संख्या में तीमारदारों को प्रवेश, संक्रमण नियंत्रण के निर्देशों का पालन और प्रतिबंधित क्लीनिकल क्षेत्र में अनधिकृत गतिविधियों पर रोक लगाने की बात कही गई है। डॉक्टरों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया है।
एसोसिएशन की मांग है कि अस्पताल प्रशासन स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था करे और मारपीट की घटनाओं में संस्थागत प्राथमिकी दर्ज कराए। डॉक्टरों का कहना है कि आईसीयू जैसे संवेदनशील विभाग में अनुशासनहीनता से न केवल कर्मचारियों का काम प्रभावित होता है, बल्कि गंभीर मरीजों के इलाज और संक्रमण नियंत्रण पर भी असर पड़ सकता है।
PMCH में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल के बीच अब अस्पताल प्रशासन के सामने चुनौती है कि मरीजों के इलाज को प्रभावित होने से बचाते हुए चिकित्सकों की सुरक्षा संबंधी मांगों का समाधान किया जाए। फिलहाल डॉक्टरों ने स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षित माहौल और ठोस कार्रवाई के बिना काम पर लौटना मुश्किल है।





