Patna Traffic Diversion : महाशिवरात्रि पर पटना में ट्रैफिक डायवर्जन, कई रास्ते बंद, निकलने से पहले देखें नया रूट प्लान

महाशिवरात्रि के मौके पर पटना में कई सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध लागू। जगदेव पथ, नेहरू पथ समेत कई मार्गों पर बदलाव। निकलने से पहले जानें पूरा रूट प्लान।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Sun, 15 Feb 2026 07:24:10 AM IST

Patna Traffic Diversion : महाशिवरात्रि पर पटना में ट्रैफिक डायवर्जन, कई रास्ते बंद, निकलने से पहले देखें नया रूट प्लान

- फ़ोटो

Patna Traffic Diversion : महाशिवरात्रि के अवसर पर निकलने वाली भव्य शोभायात्राओं को देखते हुए पटना यातायात पुलिस ने रविवार को शहर की सड़कों के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और शोभायात्रा के कारण कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन को प्रतिबंधित या डायवर्ट किया गया है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले जारी रूट प्लान का पालन करें ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।


यातायात विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, रविवार दोपहर दो बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक जगदेव पथ से शेखपुरा तक फ्लाईओवर के नीचे वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा रूकनपुरा से चिड़ियाखाना गेट नंबर-1 तक सिटी बसों के संचालन पर भी रोक लगा दी गई है। हालांकि फ्लाईओवर के ऊपर से बसों का संचालन जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इमरजेंसी सेवाओं जैसे एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड को इन प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है।


महाशिवरात्रि के मौके पर शहर के विभिन्न इलाकों जैसे राजीवनगर, दीघा और डाकबंगला से खाजपुरा स्थित शिव मंदिर तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान इन मार्गों पर सामान्य वाहनों का परिचालन बाधित रहेगा। यातायात पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निर्धारित रूट प्लान का पालन करते हुए ही यात्रा करें।


नेहरू पथ और इसके आसपास के इलाकों में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। राजाबाजार फ्लाईओवर के नीचे डुमरा टीओपी मोड़ से जगदेव पथ मोड़ तक सभी प्रकार के सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। वहीं, नेहरू पथ में जगदेव पथ मोड़ से हवाई अड्डा, आयकर गोलंबर और पटना जंक्शन की ओर जाने वाले ऑटो और व्यावसायिक वाहनों को दक्षिण दिशा की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जो फुलवारी जेल मोड़ से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।


दीघा, राजीवनगर और एजी कॉलोनी की ओर जाने वाले छोटे वाहनों को राजाबाजार फ्लाईओवर के पाया संख्या चार से आंबेडकर पथ की ओर मोड़ दिया जाएगा। यह वाहन मौर्या पथ होते हुए आशियाना दीघा रोड से आगे जा सकेंगे। इसके अलावा डुमरा टीओपी से पूर्व से पश्चिम दिशा में जाने वाले वाहनों को हवाई अड्डे के पश्चिमी गेट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।


आशियाना-दीघा रोड पर जाने वाले वाहनों को भी विशेष डायवर्जन के तहत राजाबाजार फ्लाईओवर के ऊपर से रूकनपुरा और रूपसपुर पुल के नीचे विजयनगर से यू-टर्न लेकर आंबेडकर पथ से आगे बढ़ने की अनुमति होगी। वहीं पासपोर्ट ऑफिस मोड़ से आने वाले वाहन आंबेडकर पथ से होते हुए जगदेव पथ या फुलवारी शरीफ जेल मोड़ से आगे जा सकेंगे।


भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला प्रशासन द्वारा शहर के 75 प्रमुख स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। इनके साथ अतिरिक्त लाठी बल और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) भी तैनात रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और ड्रोन से भी पूरे आयोजन पर नजर रखी जाएगी।


प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अव्यवस्था फैलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 0612-2219810 या 2219234 पर दी जा सकती है। इसके अलावा आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क किया जा सकता है।महाशिवरात्रि को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सहयोग करते हुए इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।