Patna Traffic Alert : पटना में दुर्गा पूजा को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। शहर के प्रमुख पूजा पंडालों और बाजारों में लोगों की आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया है, जबकि कुछ रास्तों पर वाहनों के लिए पूरी तरह रोक रहेगी। ऐसे में अगर आप पूजा घूमने के लिए घर से निकल रहे हैं तो पहले अपना रास्ता जरूर देख लें, नहीं तो जाम में फंस सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, वोल्टास की तरफ से आने वाले वाहनों को अब सीधे डाकबंगला चौराहा या कोतवाली की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को म्यूजियम वाले रास्ते से आगे भेजा जाएगा। इसी तरह स्टेशन, भट्टाचार्य और गांधी मैदान की तरफ से डाकबंगला चौराहा जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी। पूजा के दौरान डाकबंगला इलाके में काफी भीड़ जुटने की संभावना है, इसलिए यहां ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए यह व्यवस्था की गई है।
नाला रोड और मछुआ टोली इलाके में भी वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था लागू रहेगी। इन दोनों इलाकों में सभी तरह के व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इसके अलावा दिनकर गोलंबर से उत्तर दिशा की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी बंद रहेगी। सहदेव महतो हॉस्टल और उससे जुड़ी गलियों की तरफ जाने वाले लोगों को भी दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।
पुलिस ने खजपुरा, डुमरांव चौकी और जगदेव पथ इलाके में भी ट्रैफिक को लेकर खास व्यवस्था की है। इन इलाकों में शाम 4 बजे के बाद वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। हालांकि, अगर किसी इलाके में भीड़ ज्यादा बढ़ती है तो प्रतिबंध का समय आगे भी बढ़ाया जा सकता है। इसलिए पूजा के दौरान इन रास्तों से गुजरने वाले लोगों को पहले से ही वैकल्पिक रास्ते की जानकारी रखने की सलाह दी गई है।
दुर्गा पूजा के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए 25 क्विक रिस्पॉन्स टीम यानी क्यूआरटी को तैनात किया गया है। इन टीमों की जिम्मेदारी जरूरत पड़ने पर मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को संभालने और लोगों की मदद करने की होगी। हालात को देखते हुए क्यूआरटी की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में डॉल्फिन मोबाइल और ओपी प्रभारियों की भी तैनाती की गई है।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पूजा पंडालों की तरफ निकलने से पहले रास्तों की जानकारी जरूर ले लें। प्रतिबंधित रास्तों पर जाने की कोशिश न करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि लोगों के सहयोग से ही पूजा के दौरान शहर में यातायात को सुचारु रखा जा सकता है। खासकर शाम के समय पंडालों और बाजारों की तरफ जाने से पहले लोग वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि जाम में फंसने से बचा जा सके।





