Hindi News / bihar / patna-news / पटना में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 128 नशीले इंजेक्शन के साथ 2...

पटना में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 128 नशीले इंजेक्शन के साथ 2 गिरफ्तार

पटना पुलिस ने चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 128 नशीले इंजेक्शन बरामद किए और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 30, 2026, 9:29:21 PM

बिहार न्यूज

पुलिस की बड़ी कार्रवाई - फ़ोटो रिपोर्टर

PATNA: बिहार में 10 साल से शराबबंदी लागू है। शराब बंद होने के बाद सुखा नशा का प्रचलन काफी बढ़ गया है। बिहार का ऐसा कोई इलाका नहीं बचा है जहां स्मैक, अफीम, गांजा, ड्रग्स, सुलेशन, व्हाइटनर, नशीला इंजेक्शन का सेवन लोग नहीं करते होंगे। नशेड़ियों ने बिहार को उड़ता पंजाब बना दिया है। हालांकि पुलिस नशे के कारोबारियों पर नकेल कसने का काम भी कर रही है। पटना में नशे के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 128 नशीले इंजेक्शन के साथ 2 धंधेबाजों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।


पटना में अवैध नशीली दवाओं के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की बिक्री कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजेन्द्रनगर सब्जी मंडी पुल के नीचे कुछ लोग अवैध रूप से नशीली दवाओं की बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया।


गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की, जहां से 128 पीस नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। फिलहाल मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है। इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने प्रेस को जानकारी देते हुए कहा कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


वही पटना पुलिस ने दूसरी कार्रवाई गौरीचक में की है. पटना पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। गौरीचक थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया है। दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग स्कॉर्पियो समेत अन्य वाहनों से अवैध नशीली दवाओं की खेप ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया।


पुलिस टीम ने उषा मार्टिन स्कूल के पास वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान संदिग्ध वाहन आते दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही वाहन सवार भागने लगे, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान वाहनों से 6800 बोतल कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एक गोदाम पर भी छापा मारा, जहां से 5250 और बोतलें बरामद हुईं। इस तरह कुल 12,050 बोतल कफ सिरप और तस्करी में इस्तेमाल हो रही 3 गाड़ियां पुलिस ने जब्त कर ली हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।