ब्रेकिंग
Patna Chhath Puja : छठ पर पटना में घर से गाड़ी लेकर निकलने से पहले पढ़ लें ये खबर! 15-16 नवंबर को कई सड़कें बंद, जानिए नया ट्रैफिक रूट और पार्किंग व्यवस्था✦Anant Singh : बेटी की शादी में करोड़ों का खर्च कौन उठा रहा? अनंत सिंह बोले- कोई थार देता है तो कोई पंडाल लगवा देता है; बहुत खर्च नहीं होता है...✦Chhath Puja Bihar : छठ पूजा की शुरुआत कहां से हुई? मगध, मिथिला या अंग… बिहार के तीन क्षेत्रों के अपने-अपने दावे, जानिए क्या हैं ऐतिहासिक तर्क✦Bihar Weather Today : बिहार में अभी बारिश से राहत, लेकिन 13 नवंबर के बाद बदलेगा मौसम! सुबह कोहरे का अलर्ट, जानिए पटना समेत सभी जिलों का हाल...✦मुंगेर में गांव वालों ने कराई प्रेमी जोड़े की शादी, कुछ घंटे बाद ही पत्नी को छोड़ फरार हुआ दूल्हा✦Patna Chhath Puja : छठ पर पटना में घर से गाड़ी लेकर निकलने से पहले पढ़ लें ये खबर! 15-16 नवंबर को कई सड़कें बंद, जानिए नया ट्रैफिक रूट और पार्किंग व्यवस्था✦Anant Singh : बेटी की शादी में करोड़ों का खर्च कौन उठा रहा? अनंत सिंह बोले- कोई थार देता है तो कोई पंडाल लगवा देता है; बहुत खर्च नहीं होता है...✦Chhath Puja Bihar : छठ पूजा की शुरुआत कहां से हुई? मगध, मिथिला या अंग… बिहार के तीन क्षेत्रों के अपने-अपने दावे, जानिए क्या हैं ऐतिहासिक तर्क✦Bihar Weather Today : बिहार में अभी बारिश से राहत, लेकिन 13 नवंबर के बाद बदलेगा मौसम! सुबह कोहरे का अलर्ट, जानिए पटना समेत सभी जिलों का हाल...✦मुंगेर में गांव वालों ने कराई प्रेमी जोड़े की शादी, कुछ घंटे बाद ही पत्नी को छोड़ फरार हुआ दूल्हा

Patna Chhath Puja : छठ पर पटना में घर से गाड़ी लेकर निकलने से पहले पढ़ लें ये खबर! 15-16 नवंबर को कई सड़कें बंद, जानिए नया ट्रैफिक रूट और पार्किंग व्यवस्था

छठ पूजा 2026 को लेकर पटना में ट्रैफिक व्यवस्था बदल दी गई है। 15 और 16 नवंबर को कई प्रमुख सड़कें बंद रहेंगी। कारगिल चौक, अटल पथ, दीघा और गायघाट जाने वालों के लिए नया रूट और पार्किंग प्लान जानना जरूरी है।

Patna Chhath Puja
Patna Chhath Puja
© AI
Tejpratap
Tejpratap
7 मिनट

पटना : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी पटना में तैयारियां तेज हो गई हैं। गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए हैं। छठ के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो और सड़कों पर जाम की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में अगर आप 15 और 16 नवंबर को पटना में घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं तो पहले ट्रैफिक का नया रूट जरूर जान लीजिए।

प्रशासन की ओर से जारी व्यवस्था के अनुसार, 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से 8 बजे तक (यातायात सामान्य होने तक) कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही बदली रहेगी। इस दौरान अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस, मरीजों को ले जाने वाले वाहन, शव वाहन और निर्धारित व्यवस्था के तहत छठव्रतियों के वाहनों को छूट मिलेगी। इनके अलावा सामान्य वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।

कारगिल चौक से दीदारगंज तक आम वाहनों की नो एंट्री

छठ के दौरान सबसे बड़ा बदलाव अशोक राजपथ और गंगा किनारे जाने वाले रास्तों पर किया गया है। कारगिल चौक से पूरब दीदारगंज तक आम वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा अशोक राजपथ से जुड़ने वाले सभी प्रवेश मार्ग भी बंद रहेंगे। यानी इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।हालांकि, कारगिल चौक से पश्चिम की ओर शाहपुर तक छठव्रतियों के वाहन जा सकेंगे। वहीं, खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में पार्किंग के लिए छठव्रतियों के वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ तक भी बदलेगा रास्ता

दीघा और आशियाना इलाके में रहने वाले लोगों को भी ट्रैफिक बदलाव का ध्यान रखना होगा। 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शाम 6:30 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 3 बजे से 6 बजे तक दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की ओर उत्तर से दक्षिण दिशा में वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।इस दौरान वाहन चालक रामजीचक मोड़ और नहर रोड के रास्ते बेली रोड की ओर जा सकेंगे। इसलिए इस इलाके में निकलने वाले लोगों को पहले से अपना रास्ता तय कर लेना चाहिए।

कंगन घाट और गायघाट जाने वालों के लिए खास व्यवस्था

कंगन घाट और चौक थाना मोड़ की तरफ जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग सिटी स्कूल और मंगल तालाब परिसर में कराई जाएगी। वहीं, गायघाट जाने वाले श्रद्धालुओं को पुरानी बाईपास या न्यू बाईपास से धनकी मोड़, शीतला माता मंदिर और बिस्कोमान गोलंबर होते हुए जाना होगा।इस दौरान जेपी गंगा पथ का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। दीदारगंज की ओर से आने वाले छठव्रतियों के वाहनों के लिए कटरा बाजार समिति में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।गायघाट पुल के नीचे टेंपो और व्यावसायिक वाहनों का परिचालन भी बंद रहेगा। वहीं, गांधी मैदान से गायघाट जाने वाले वाहनों को एग्जीबिशन रोड, राजेंद्रनगर पुल, बहादुरपुर गुमटी और बाईपास के रास्ते जाना होगा।

अटल पथ पर भी दो दिन तक रहेगी रोक

छठ को देखते हुए अटल पथ पर भी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। 15 नवंबर को सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से 9 बजे तक जेपी सेतु और सोनपुर की ओर जाने वाले वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।इस दौरान वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

पटना में नहीं घुस सकेंगे बड़े मालवाहक वाहन

छठ के दौरान शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर भी सख्ती रहेगी। निर्माण कार्य से जुड़े वाहनों का परिचालन 15 नवंबर को सुबह 10 बजे से 16 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक बंद रहेगा।इसके अलावा बड़े मालवाहक वाहनों के पटना जिले में प्रवेश पर 15 नवंबर सुबह 10 बजे से 16 नवंबर सुबह 10 बजे तक रोक रहेगी।

बाढ़ और मोकामा की तरफ से आने वाले ट्रकों को फतुहा ओवरब्रिज से करीब दो किलोमीटर पश्चिम यू-टर्न लेकर एनएच-30 और बिहटा-सरमेरा पथ की ओर भेजा जाएगा। वहीं, बिहटा से पूरब आने वाले ट्रक कन्हौली मोड़ से बिहटा-सरमेरा पथ होते हुए फतुहा ओवरब्रिज के पास पहुंचेंगे।

कहां होगी गाड़ियों की पार्किंग? जानिए घाटवार व्यवस्था

छठ घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग जगह पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

पाटलि पुल, दीघा, शिवा और मीनार घाट: वाहन पाटलि पथ के दोनों फ्लैंक और रामजीचक आरओबी पर पार्क होंगे।

कुर्जी घाट: वाहन कुर्जी मोड़ से अंडरपास होकर उत्तर दिशा में पार्क किए जाएंगे।

  • कलेक्ट्रेट और महेंदू घाट: यहां जाने वाले श्रद्धालु गांधी मैदान में अपनी गाड़ियां पार्क करेंगे।

  • कंगन घाट और चौक थाना मोड़: सिटी स्कूल और मंगल तालाब परिसर में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।

  • दीदारगंज की ओर से आने वाले व्रती: कटरा बाजार समिति में वाहन पार्क कर सकेंगे।

वहीं, जेपी गंगा पथ पर दीघा गोलंबर से दीदारगंज तक दोनों फ्लैंक में वाहनों का परिचालन और पार्किंग पूरी तरह बंद रहेगी।

नगर बसों का भी बदलेगा रूट

पटना जंक्शन और जीपीओ से बेली रोड होते हुए दानापुर या खगौल जाने वाली नगर बसें कारगिल चौक नहीं आएंगी। इन बसों को गांधी मैदान के गेट नंबर-10 और जीपीओ मल्टी मॉडल हब में पार्क कराया जाएगा।कुल मिलाकर छठ के दो दिनों में पटना की सड़कों पर सामान्य दिनों से बिल्कुल अलग ट्रैफिक व्यवस्था देखने को मिलेगी। ऐसे में श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी जरूरी है कि वे घर से निकलने से पहले अपने गंतव्य तक पहुंचने का वैकल्पिक रास्ता तय कर लें। इससे न केवल जाम से बचा जा सकेगा, बल्कि छठ महापर्व के दौरान घाटों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी सहूलियत मिलेगी।