Anant Singh : बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर खूब चर्चा में हैं। शादी में करोड़ों रुपये की गाड़ियों से लेकर शाही पंडाल, घुड़दौड़ और लाखों लोगों के भोज तक की तैयारियों की खबरें सुर्खियां बटोर रही हैं। लेकिन जब अनंत सिंह से इस भारी-भरकम खर्च को लेकर सवाल पूछा गया तो उनका जवाब भी उनके अपने अंदाज में था। उन्होंने साफ कहा कि उनका ज्यादा खर्च नहीं होता है, क्योंकि उनके बहुत सारे दोस्त हैं। कोई थार गाड़ी दे देता है तो कोई पंडाल और शामियाने का इंतजाम कर देता है।
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। इस शादी को यादगार बनाने के लिए मोकामा विधायक के पैतृक गांव नदवां में बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। शादी में मेहमानों के मनोरंजन से लेकर खानपान तक के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं। हाल ही में दिए इंटरव्यू में अनंत सिंह ने शादी की तैयारियों और खर्च को लेकर खुलकर बात की।
'कोई थार दे देता है तो कोई पंडाल लगवा देता है'
जब अनंत सिंह से पूछा गया कि बेटी की शादी में इतना खर्च कैसे हो रहा है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उनका तो ज्यादा खर्च होता ही नहीं है। उन्होंने कहा, "खर्चा नहीं होता है, बहुत दोस्त-यार हैं। कोई थार भेज देते हैं, कोई शामियाना वाला करवा देते हैं, कोई कुछ कर देते हैं। बहुत दोस्त-यार हैं।"
अनंत सिंह का यह जवाब अब चर्चा का विषय बना हुआ है। दरअसल, शादी में होने वाले खर्च और महंगे तोहफों को लेकर लगातार खबरें सामने आ रही हैं। विधायक के मुताबिक, उनके दोस्त और चाहने वाले भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं।
शादी में घुड़दौड़, कव्वाली और लाखों मेहमानों के लिए भोज
शिवांगी की शादी में केवल पारंपरिक रस्में ही नहीं होंगी, बल्कि मनोरंजन के लिए भी खास कार्यक्रम रखे गए हैं। अनंत सिंह ने बताया कि 25 नवंबर को सुबह 10 बजे से गांव में कव्वाली का आयोजन होगा। इसके बाद दोपहर में घुड़दौड़ प्रतियोगिता कराई जाएगी। इस प्रतियोगिता में जीतने वालों को इनाम के तौर पर महिंद्रा थार एसयूवी, मोटरसाइकिल और स्कूटर दिए जाएंगे।
शाम पांच बजे से शादी का मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा। बताया जा रहा है कि नदवां गांव में करीब 10 बीघा जमीन पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। इसके लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगर बुलाए गए हैं। शादी में चार लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मेहमानों के लिए करीब 150 तरह के पकवान तैयार किए जाने की चर्चा है।
दामाद को डिफेंडर, बेटे को मिलेगी BMW
इस शादी में सबसे ज्यादा चर्चा महंगे उपहारों की हो रही है। अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट करने वाले हैं। इस लग्जरी कार की कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। इतना ही नहीं, बेटी की शादी के दिन ही उनके बेटे अभिनव का जनेऊ संस्कार भी होगा। इस मौके पर अनंत सिंह बेटे को बीएमडब्ल्यू कार उपहार में देने वाले हैं, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
डिफेंडर को दहेज कहे जाने के सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि यह दहेज नहीं, बल्कि उपहार है। उनके मुताबिक, दहेज तब होता है जब सामने से किसी चीज की मांग की जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि बड़ी बेटी की शादी में भी उन्होंने अपने दामाद को लग्जरी कार दी थी। जब उनसे पूछा गया कि डिफेंडर उन्होंने खरीदी है या नहीं, तो उन्होंने एक बार फिर दोस्तों का जिक्र करते हुए कहा कि दोस्त-यार दे देते हैं।
नीरज कुमार को छोड़कर सबको न्योता, शादी के बाद करेंगे सरेंडर
बेटी की शादी की तैयारियों के बीच अनंत सिंह की राजनीतिक और कानूनी मुश्किलें भी चर्चा में हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार का विरोध करने के बाद पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया था। पार्टी की ओर से विधानसभा अध्यक्ष से उनकी विधायकी पर कार्रवाई करने का आग्रह भी किया गया है। इस मामले में उन्हें नोटिस भेजा गया है। अनंत सिंह ने कहा है कि वह बेटी की शादी में नीरज कुमार को छोड़कर बाकी सभी को आमंत्रित करेंगे। वह खुद नेताओं और अभिनेताओं को शादी का न्योता देने में जुटे हैं।
वहीं, दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट से जमानत रद्द होने के बाद अनंत सिंह ने कहा है कि वह बेटी की शादी के बाद सरेंडर करेंगे। ऐसे में 25 नवंबर का दिन उनके परिवार के लिए जितना खास होगा, उतना ही बिहार की राजनीति और मोकामा की सियासत के लिहाज से भी चर्चा में रहने वाला है।





