PATNA: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इनके अंदर पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। यही कारण है कि अपराधी एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को बेखौफ होकर अंजाम दे रहे हैं। बदमाशों ने थाना के पास स्थित एक बैंक को निशाना बनाते हुए वहां लगे तीन स्प्लिट एसी के कॉपर पाइप काटकर चोरी कर ली। बैंक मैनेजर के मुताबिक, चोरी हुए कॉपर पाइप की कुल कीमत करीब 25 हजार रुपये है।
घटना पटना के गोसाई टोला इलाके की है, जहां स्थित बिहार ग्रामीण बैंक में चोरी की वारदात सामने आई है। इस संबंध में बेऊर थाना क्षेत्र के मगध कॉलोनी निवासी और बैंक मैनेजर मनीष वर्मा ने पाटलिपुत्र थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
थानाध्यक्ष को दिए आवेदन में बैंक मैनेजर ने बताया कि 11 सितंबर को बैंक खुलने के बाद कर्मचारियों ने देखा कि शाखा में लगे कुल तीन स्प्लिट एसी के आउटर कॉपर पाइप गायब हैं। आशंका है कि अज्ञात असामाजिक तत्वों ने पाइप को काटकर चोरी कर लिया।
मैनेजर के अनुसार, तीनों एसी के कॉपर पाइप की वर्तमान बाजार कीमत करीब 25 हजार रुपये है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी की घटना का खुलासा करने की मांग की है।






