PATNA: पटना के जेडीयू प्रदेश कार्यालय में जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की बैठक हुई। जिसमें पूर्व सीएम नीतीश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, दोनों डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेन्द्र यादव, ललन सिंह, संजय झा, चंद्रेश्वर चंद्रवंशी, लेसी सिंह, मदन सहनी, अशोक चौधरी, उमेश कुशवाहा सहित जेडीयू के कई नेता मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने बताया कि आज जेडीयू के प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय परिषद की बैठक हुई। पार्टी के सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार जो फिर से निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे, राष्ट्रीय परिषद की बैठक में इसे अनुमोदन किया गया। जो तमाम जेडीयू कार्यकर्ताओं के लिए प्रसंन्नता का विषय है। विजय कुमार चौधरी ने आगे कहा कि एक और बड़ी प्रसन्नता का विषय है कि आज पूरे दिन चाहे राज्य परिषद की बैठक हो या फिर राष्ट्रीय परिषद की बैठक दोनों ही बैठकों में निशांत कुमार जो प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री हैं, उन्होंने भी काफी बढ़ चढ़कर इसमें हिस्सा लिया है। जिससे कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह जगा है कि भविष्य में जेडीयू बेहतर करने जा रही है।
जेडीयू के प्रदेश कार्यालय में हुई आज की बैठक के बारे में मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी ने बताया कि उमेश सिंह कुशवाहा को तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी गयी है और साथ ही हमारे सर्वमान्य नेता बिहार के विश्वकर्मा नीतीश कुमार को राष्ट्रीय परिषद ने सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए अनुमोदन किया है। हम सभी जेडीयू परिवार के साथी इसके लिए उन्हें बधाई देते हैं। यह बेहद ही खुशी की बात है। हमलोगों ने यह तय किया है कि पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने बिहार में जो काम किये हैं, उसे जन-जन तक पहुंचाएंगे। हर जिले में जाकर लोगों से मिलेंगे और संगठन को धारदार बनाएंगे। मदन सहनी ने आगे कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नेतृत्व में भी हम काम करेंगे और उनके साथ पूरे बिहार का भ्रमण करेंगे। अब निशांत के नेतृत्व में बिहार में काम किया जाएगा।
बता दें कि जेडीयू की राष्ट्रीय एवं राज्य परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। प्रदेश कार्यालय में उनके पहुंचने की सूचना मिलते ही कार्यकर्ताओं ने हाथ में गुलाब के फूलों से भरी टोकरी लेकर उनकी गाड़ी के पास पहुंचे और नीतीश कुमार की गाड़ी पर फूलों की बारिश करने लगे। वही ढोल नगारों से उनका जोरदार स्वागत किया गया।
वही कुछ कार्यकर्ता हाथ में पार्टी का झंडा लिये ढोल नगारों पर झूमने लगे और नीतीश के समर्थन में नारे लगाने लगे। कार्यकर्ताओं द्वारा फूलों की बारिश किये जाने से नीतीश कुमार काफी खुश नजर आए। गाड़ी के अंदर वो ताली बजाते नजर आए। नीतीश कुमार ने हाथ जोड़कर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। पार्टी दफ्तर में जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता पहले से मौजूद थे। उन्होंने नीतीश कुमार का स्वागत और अभिनंदन किया।
इस मौके पर दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, बिजेन्द्र यादव, स्वास्थ मंत्री निशांत कुमार, ललन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, श्रवण कुमार, चंदेश्वर चंद्रवंशी, संजय झा सहित कई जेडीयू नेता मौजूद रहे। नीतीश कुमार के मंच पर पहुंचते ही निशांत कुमार ने पैर छुकर आशीर्वाद लिया।
बता दें कि आज फादर डे है, आज के दिन निशांत ने पिता नीतीश कुमार का पैर छुकर आशीर्वाद लिया। जब जेडीयू के तमाम बड़े नेता मंच पर बैठे थे, तभी इसी दौरान जेडीयू नेता छोटू सिंह नीतीश कुमार को माला पहनाने के लिए मंच पर पहुंच गये। उनके हाथ एक नहीं बल्कि तीन माला था। छोटू सिंह पर नजर पड़ते ही सुरक्षा कर्मी ने उन्हें माला पहनाने से रोका लेकिन तभी नीतीश कुमार कुर्सी से उठ खड़े हुए और एक-एक कर तीनों माला जेडीयू नेता छोटू सिंह को पहना दिया।



