Bihar Daroga Exam Cancelled : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार पुलिस परीक्षा से निकलकर सामने आ रही है। बिहार में दरोगा परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की ओर से दरोगा भर्ती को लेकर आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा को रद्द करने की सूचना जारी की गई है। यह सूचना पुलिस अधीक्षक, बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के तरफ से दी गई है।
आयोग की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, 27 मई 2026 को दरोगा भर्ती के लिए दो पालियों में मुख्य लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इसे परीहार्य कारणों के चलते रद्द कर दिया गया है। आयोग ने बताया है कि इस परीक्षा की नई तिथि जल्द ही जारी की जाएगी।
फिलहाल अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नई परीक्षा तिथि और अन्य जरूरी अपडेट के लिए बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें। परीक्षा रद्द होने की सूचना सामने आने के बाद दरोगा भर्ती परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों के बीच हलचल बढ़ गई है। अभ्यर्थी अब आयोग की ओर से नई परीक्षा तिथि जारी किए जाने का इंतजार कर रहे हैं।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सोशल मीडिया या दूसरे माध्यमों से फैल रही भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने को कहा है। आयोग के मुताबिक असामाजिक तत्वों की ओर से किसी भी माध्यम से फैलाई जा रही गलत सूचना पर ध्यान नहीं दें। आयोग ने अभ्यर्थियों से दलालों से भी सावधान रहने की अपील की है। किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने को कहा गया है।मुख्य लिखित परीक्षा रद्द होने के बाद अब इसमें शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को नई परीक्षा तिथि का इंतजार करना होगा।आयोग की ओर से नई तारीख जारी होने के बाद ही परीक्षा का अगला कार्यक्रम स्पष्ट होगा।





