Bihar Railway News : बिहार में ठंड की दस्तक के साथ ही अब कोहरे का असर रेल परिचालन पर भी दिखने लगा है। सर्दियों में घना कोहरा ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लगाता है। यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने शीतकालीन अवधि के लिए कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। इसका सीधा असर पटना और आसपास के स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।
पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के अंतर्गत पटना से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच अलग-अलग तारीखों में रद्द किया गया है। कुछ ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा, जबकि कई ट्रेनें सप्ताह में निर्धारित दिनों पर ही चलेंगी। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के फेरों में भी कटौती की गई है और कुछ के मार्ग में बदलाव किया गया है।
नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली-मालदा टाउन न्यू फरक्का एक्सप्रेस, कोलकाता एक्सप्रेस और हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें निर्धारित अवधि में नहीं चलेंगी। ऐसे में अगर आप दिसंबर से फरवरी के बीच ट्रेन से यात्रा करने की तैयारी कर रहे हैं तो टिकट बुक करने से पहले ट्रेन का शेड्यूल जरूर जांच लें।
न्यू फरक्का एक्सप्रेस समेत तीन प्रमुख ट्रेनें रहेंगी रद्द
कोहरे के कारण जिन प्रमुख ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, उनमें रोजाना चलने वाली नई दिल्ली-मालदा टाउन-नई दिल्ली न्यू फरक्का एक्सप्रेस भी शामिल है। ट्रेन संख्या 14004 (नई दिल्ली-मालदा टाउन) का परिचालन 3 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक बंद रहेगा। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 14003 (मालदा टाउन-नई दिल्ली) 5 दिसंबर 2026 से 2 मार्च 2027 तक रद्द रहेगी।इस फैसले से दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल के बीच सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। खासकर उन यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था करनी पड़ेगी, जो नियमित रूप से इस ट्रेन से यात्रा करते हैं।
इसके अलावा शुक्रवार को चलने वाली कोलकाता एक्सप्रेस (22198) भी 4 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 तक रद्द रहेगी। वहीं, वापसी की ट्रेन संख्या 22197, जो रविवार को चलती है, 6 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक नहीं चलेगी।हावड़ा-देहरादून के बीच चलने वाली उपासना एक्सप्रेस (13035) का परिचालन भी प्रभावित रहेगा। सप्ताह में मंगलवार और शुक्रवार को चलने वाली यह ट्रेन 1 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 तक रद्द रहेगी।
लखनऊ-पटना और गोरखपुर-पटना एक्सप्रेस के फेरे घटे
रेलवे ने कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द करने के बजाय उनके परिचालन के दिनों में कटौती की है। इसका मतलब है कि ये ट्रेनें सप्ताह के सभी दिनों में उपलब्ध नहीं रहेंगी।लखनऊ-पटना एक्सप्रेस (15034) 15 दिसंबर 2026 से 10 फरवरी 2027 के बीच सोमवार, मंगलवार और बुधवार को रद्द रहेगी। यानी इस अवधि में यात्रियों को सप्ताह के बाकी दिनों में ही इस ट्रेन से सफर करने का विकल्प मिलेगा।
इसी तरह गोरखपुर-पटना एक्सप्रेस (15080) के परिचालन में भी बदलाव किया गया है। यह ट्रेन 16 दिसंबर 2026 से 14 फरवरी 2027 के बीच केवल मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। सप्ताह के बाकी चार दिन यानी सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को इसका परिचालन रद्द रहेगा। इस बदलाव का असर उत्तर प्रदेश से पटना आने-जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। खासकर नौकरी, पढ़ाई और कारोबार के सिलसिले में नियमित यात्रा करने वाले लोगों को अपनी यात्रा की तारीखों में बदलाव करना पड़ सकता है।
नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन नहीं चलेगी
पटना रेलखंड की महत्वपूर्ण ट्रेनों में शामिल नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के परिचालन में भी कटौती की गई है। इस ट्रेन का पाटलिपुत्र और दानापुर जंक्शन पर ठहराव है। ट्रेन संख्या 12506 (आनंद विहार-कामाख्या एक्सप्रेस) 4 दिसंबर 2026 से 2 मार्च 2027 तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को रद्द रहेगी।वहीं, ट्रेन संख्या 12505 (कामाख्या-आनंद विहार नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस) 2 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 के बीच प्रत्येक रविवार और बुधवार को नहीं चलेगी। नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से दिल्ली, बिहार, असम और पूर्वोत्तर के दूसरे क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को इस बदलाव का विशेष ध्यान रखना होगा।
महानंदा और गरीब रथ एक्सप्रेस भी प्रभावित
पटना जंक्शन होकर गुजरने वाली महानंदा एक्सप्रेस के परिचालन में भी कटौती की गई है। ट्रेन संख्या 15483 का परिचालन 2 दिसंबर 2026 से 16 जनवरी 2027 के बीच प्रत्येक बुधवार और शनिवार को रद्द रहेगा। वहीं, वापसी की ट्रेन संख्या 15484 4 दिसंबर 2026 से 1 मार्च 2027 के बीच सोमवार और शुक्रवार को रद्द रहेगी।इसके अलावा आनंद विहार-भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस (22405) 3 दिसंबर 2026 से 25 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को नहीं चलेगी। यह ट्रेन पहले सप्ताह में मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को परिचालित होती थी। वापसी में भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस के परिचालन में भी बदलाव किया गया है। ट्रेन संख्या 22406 के निर्धारित परिचालन में 2 दिसंबर 2026 से 24 फरवरी 2027 के बीच प्रत्येक बुधवार को कटौती की गई है।
अवध असम एक्सप्रेस के परिचालन पर भी असर
कोहरे के कारण अवध असम एक्सप्रेस के फेरों में भी कटौती की गई है। ट्रेन संख्या 15909 का परिचालन 5 दिसंबर 2026 से 27 फरवरी 2027 के बीच प्रत्येक शनिवार को रद्द रहेगा। वहीं, ट्रेन संख्या 15910 (लालगढ़-डिब्रूगढ़) 8 दिसंबर 2026 से 23 फरवरी 2027 के बीच प्रत्येक मंगलवार को नहीं चलेगी।
यात्रा से पहले जरूर जांच लें ट्रेन का स्टेटस
सर्दियों में कोहरे के कारण रेलवे परिचालन में बदलाव आम बात है, लेकिन इस बार कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के लंबे समय तक रद्द रहने और फेरों में कटौती से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।रेलवे यात्रियों को सलाह है कि दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच यात्रा की योजना बनाने से पहले NTES पोर्टल या रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा पर ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें। खासकर जिन यात्रियों ने पहले से टिकट बुक करा रखा है, उन्हें अपनी ट्रेन की निर्धारित तारीख और परिचालन दिवस की जानकारी जरूर लेनी चाहिए। क्योंकि सर्दियों में सिर्फ कोहरा ही नहीं, ट्रेनों का बदला हुआ टाइमटेबल भी आपकी यात्रा का पूरा प्लान बिगाड़ सकता है।





