Bihar Education News: बिहार के सरकारी विद्यालयों में पढ़ाई का माहौल बेहतर बनाने और शैक्षणिक अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने सोमवार (23 नवंबर) को सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों, जिला शिक्षा पदाधिकारियों, जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जारी पत्र के अनुसार, अब विद्यालय अवधि के दौरान शिक्षकों को किसी भी बैठक, प्रशिक्षण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या कार्यशाला में शामिल होने के लिए नहीं बुलाया जाएगा। ऐसे सभी कार्यक्रम स्कूल खुलने से पहले या छुट्टी के बाद आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा विभागीय अधिकारी भी शिक्षण अवधि के दौरान शिक्षकों से किसी प्रकार की रिपोर्ट, आंकड़े या बैठक की मांग नहीं करेंगे। केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में लिखित कारण के साथ इसकी अनुमति दी जा सकेगी।
शिक्षा विभाग ने यह फैसला सीवान, गोपालगंज, जमुई, दरभंगा और पटना समेत कई जिलों के स्कूलों के निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं के बाद लिया है। निरीक्षण में पाया गया कि शिक्षण अवधि के दौरान बैठकें आयोजित होने और शिक्षकों की अनुपस्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।
अनुपस्थित शिक्षक की जगह वैकल्पिक व्यवस्था
नए निर्देश के तहत प्रधानाध्यापकों को प्रतिदिन सुबह शिक्षकों की उपस्थिति के आधार पर कक्षाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। किसी शिक्षक के अनुपस्थित रहने पर उसी दिन वैकल्पिक यानी स्थानापन्न शिक्षक की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए विद्यालय में अलग से 'स्थानापन्न व्यवस्था रजिस्टर' भी रखा जाएगा।
शिक्षकों को छुट्टी पर जाने से पहले प्रधानाध्यापक को सूचना देनी होगी। बिना सूचना या अनुमति के अनुपस्थित रहने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रत्येक स्कूल में कक्षावार और विषयवार दैनिक समय-सारणी तैयार कर उसे प्रदर्शित करना और उसका पालन सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा।
शिक्षकों को बनानी होगी दैनिक पाठ योजना
शिक्षण की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रत्येक शिक्षक को रोजाना पाठ योजना तैयार करने और शिक्षण डायरी रखने का निर्देश दिया गया है। प्रधानाध्यापक नियमित रूप से इसका निरीक्षण करेंगे। बच्चों का कक्षावार आकलन कर कमजोर विद्यार्थियों की पहचान की जाएगी और उन्हें पढ़ने, लिखने तथा गणित में अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
प्रारंभिक कक्षाओं में बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए नियमित गृहकार्य, साप्ताहिक और मासिक परीक्षाएं आयोजित करने, उत्तर-पुस्तिकाओं की समय पर जांच करने और परिणामों का विश्लेषण कर सुधार की योजना बनाने को कहा गया है। इसके अलावा बच्चों की उपस्थिति प्रतिदिन दर्ज की जाएगी। लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
शारीरिक और मानसिक दंड पर पूरी तरह रोक
शिक्षा विभाग ने विद्यालयों में अनुशासन और बेहतर वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया है। इसके तहत समय-पालन, स्वच्छता, गणवेश और आपसी सम्मान की भावना विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। बच्चों को किसी भी प्रकार का शारीरिक या मानसिक दंड देना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके स्थान पर सकारात्मक अनुशासन को बढ़ावा दिया जाएगा।
प्रधानाध्यापकों को मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और समय पर वितरण की निगरानी स्वयं करनी होगी। हालांकि, इस व्यवस्था के कारण पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा प्रत्येक महीने निर्धारित दिन पर अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) आयोजित की जाएगी।
फुटबॉल, आत्मरक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों पर जोर
बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा विभाग ने खेल और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी अनिवार्य किया है। स्कूल समय के बाद सप्ताह में नियमित रूप से बालक-बालिकाओं के लिए फुटबॉल अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही विद्यालय, प्रखंड और जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। निर्धारित दिनों पर गीत-संगीत, नाटक, शिल्प, समूह गतिविधियां, भाषण और वाद-विवाद जैसे कार्यक्रम भी होंगे। उपलब्ध संसाधनों के अनुसार प्रेरणादायक और शैक्षिक वीडियो दिखाकर उन पर चर्चा कराई जाएगी।
शारीरिक शिक्षकों को बच्चों, विशेषकर बालिकाओं को नियमित रूप से आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया है। जिन स्कूलों में शारीरिक शिक्षक नहीं हैं, वहां प्रशिक्षित प्रशिक्षकों की मदद ली जाएगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित कर उन्हें प्रखंड और जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी दिया जाएगा।
अधिकारियों को निरीक्षण की जिम्मेदारी
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन सभी निर्देशों के पालन की व्यक्तिगत जिम्मेदारी प्रधानाध्यापकों की होगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और विद्यालयों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रखंड और जिला स्तर के अधिकारियों को हर सप्ताह निर्धारित संख्या में विद्यालयों का निरीक्षण करना होगा। इस दौरान कक्षा शिक्षण, शिक्षकों की उपस्थिति और स्थानापन्न व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिलों में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित कर निर्देशों के अनुपालन की स्थिति भी देखी जाएगी।
सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों और जिला शिक्षा पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर विभाग को निर्देशों के अनुपालन की पुष्टि भेजने को कहा गया है। इसके बाद प्रत्येक महीने प्रगति प्रतिवेदन भेजना अनिवार्य होगा। इस पत्र की प्रतिलिपि सभी जिलाधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।





