Bihar News: बिहार में प्रशासनिक अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई है. विभागीय अधिकारियों को प्रोन्नति देकर लंबे समय तक वेटिंग फॉर पोस्टिंग में रखा जा रहा है. हालात ऐसे हो गए हैं कि प्रोन्नत अधिकारियों को वेतन के लाले पड़े हैं. विभाग सभी को सचिवालय के वेटिंग हॉल में बिठाकर रखा है.
सचिवालय में शोभा की वस्तु बने प्रोन्नत डीटीओ
परिवहन विभाग का भगवान ही मालिक है. डीटीओ में प्रोन्नत 18 अधिकारियों को लटका कर रखा गया है. न काम लिया जा रहा, न वेतन दिया जा रहा. सभी को सचिवालय में बिठाकर सिर्फ हाजिरी ली जा ही है. दशहरा बीत गया, दीपावली बीते हुए एक पखवाड़ा हो गया, छठ महापर्व भी बीत गया, पर प्रोन्नत अधिकारियों को काम नहीं मिला. ऐसा नहीं कि विभाग के वरीय अधिकारी नहीं जान रहे. मंत्री से लेकर सचिव तक जान-समझ रहे, ऐसा लग रहा, जैसे जिम्मेदार लोगों को पोस्टिंग को लेकर कोई दिलचस्पी ही नहीं है. तभी तो 3-4 महीनों से सभी पदस्थापन की प्रतीक्षा में सचिवालय में शोभा की वस्तु बनकर रह गए हैं. जब काम ही नहीं तो सरकार वेटिंग फॉर पोस्टिंग वाले डीटीओ को वेतन भी नहीं दे रही. इन सभी अधिकारियों ने कई बार मंत्री से लेकर सचिव तक गुहार लगाई, पर सिर्फ आश्वासन मिल रहा.
वर्तमान स्थिति जान कर चौंक जाएँगे.....
बिहार में अजब-गजब का खेल चल रहा है. परिवहन विभाग अपने अधिकारियों को बिठाकर रखा है, बिप्रसे के अफसरों की पोस्टिग और अतिरिक्त प्रभार देकर काम निबटाया जा रहा. परिवहन विभाग ने 6 अप्रैल 2026 को परिवहन सेवा के 17 अफसरों को जिला परिवहन पदाधिकारी व समकक्ष पद पर प्रोन्नति दिया. इनमें 12 को एडीटीओ से डीटीओ में, जबकि पांच को मोटरयान निरीक्षक से जिला परिवहन पदाधिकारी में प्रोन्नति दी गई. जबकि, परिवहन विभाग विभागीय कैडर के 2 अधिकारी को पूर्व में ही डीटीओ के पद पर प्रोन्नति दे रखा है. वर्तमान में परिवहन विभाग के पास जिला परिवहन पदाधिकारी व समकक्ष स्तर के 19 विभागीय अधिकारी मौजूद हैं. इसके बाद भी स्थिति ऐसी है कि, 19 में 1 को छोड़ दें तो विभागीय कैडर वाले 18 डीटीओ वेटिंग फॉर पोस्टिंग या पुराने पोस्ट पर ही काम कर रहे हैं.
बिप्रसे के कितने अफसर बन सकते हैं डीटीओ..?
परिवहन विभाग ने 29 जनवरी 2020 को अधिसूचना जारी किया. जिसके तहत परिवहन कैडर का गठन हुआ। विभाग के तत्कालीन सचिव संजय कुमार अग्रवाल के हस्ताक्षर से जारी अधिसूचना में बिहार परिवहन सेवा का गठन ,भर्ती प्रक्रिया और सेवा शर्तों का उल्लेख है. परिवहन विभाग की अधिसूचना में जिक्र किया गया है कि जिला परिवहन पदाधिकारी के 17 पद, उप परिवहन आयुक्त का 1 पद एवं संयुक्त परिवहन आयुक्त का 2 पद पूर्व की तरह बिहार प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारियों के लिए रिजर्व रहेगा.
परिवहन विभाग के पास 19 डीटीओ,फिर भी बिप्रसे के अधिकारियों का कब्जा
परिवहन विभाग की अधिसूचना में कहा गया है कि बिहार प्रशासनिक सेवा के लिए चिन्हित पदों को छोड़कर शेष पदों पर भी तब तक इस संवर्ग (बिप्रसे) के पदाधिकारियों से भरा जायेगा जब तक कि नियुक्ति या प्रोन्नति से परिवहन सेवा के अधिकारी पर्याप्त संख्या में न हो जाएं. यानि परिवहन विभाग ने तभी स्पष्ट कर दिया था कि, हमारे पास पर्याप्त संख्या में परिवहन सेवा के अधिकारी हो जाएंगे तब 17 पद को छोड़कर अन्य जिलों में विभागीय सेवा के अधिकारी को डीटीओ पद पर पोस्टिंग कर सकेंगे.
वर्तमान में 37 जिलों में बिप्रसे के अफसरों का है कब्जा
वर्तमान में 31 जिलों में बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारी बतौर जिला परिवहन पदाधिकारी कार्यरत्त हैं. इनमें 6 अफसरों को दूसरे जिले के डीटीओ का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. इस तरह से सूबे के 38 जिलों में 37 पर बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का कब्जा है. सिर्फ एक जिला में बिहार परिवहन सेवा के अधिकारी बतौर डीटीओ पदस्थापित हैं.
परिवहन सेवा वाले डीटीओ न घर के हैं न घाट के
बता दें, परिवहन सेवा के 17 अफसरों को डीटीओ व समकक्ष के रूप में महीनों पहले ही प्रोन्नति दी गई। लेकिन आज तक नया जगह नहीं मिला. ऐसे में सवाल उठता है कि ऐसे प्रमोशन से क्या फायदा..जब काम और वेतन के ही लाले पड़ जाए।





