Bihar Flood Relief: बिहार में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए मंगलवार को सरकार की ओर से बड़ी राहत दी गई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 8 लाख 27 हजार 472 बाढ़ पीड़ित परिवारों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 7-7 हजार रुपये की अनुग्रह सहायता राशि ट्रांसफर की। इसके लिए सरकार की ओर से कुल 579.23 करोड़ रुपये जारी किए गए। इस मौके पर डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार सुबह 11:30 बजे डीबीटी के जरिए सहायता राशि का हस्तांतरण किया। आपदा प्रबंधन विभाग ने जिलों से अंचल अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची तैयार की थी। इसी सूची के आधार पर पात्र लाभुकों के बैंक खातों में सहायता राशि भेजी गई।
करीब 49.46 लाख आबादी प्रभावित
इस साल गंगा, गंडक, कोसी, पुनपुन समेत कई नदियों में आई बाढ़ से बिहार के 15 जिलों में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। इन जिलों के 88 प्रखंडों की 575 ग्राम पंचायतें बाढ़ की चपेट में आई हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, करीब 49.46 लाख आबादी पर बाढ़ का असर पड़ा है। बाढ़ प्रभावित जिलों में पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय, बक्सर, समस्तीपुर, मुंगेर, कटिहार, लखीसराय, खगड़िया, पूर्णिया, मधेपुरा और अरवल शामिल हैं।
1260 सामुदायिक रसोई संचालित
बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए सामुदायिक रसोई भी संचालित की जा रही हैं। राज्य के अलग-अलग जिलों में फिलहाल 1260 सामुदायिक रसोई चल रही हैं। इनके जरिए अब तक करीब 1 करोड़ 19 लाख 33 हजार लोगों को सुबह और शाम भोजन कराया जा चुका है।
इसके अलावा बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 13 राहत शिविर संचालित हैं। इन शिविरों में 11,060 लोगों के रहने, भोजन, चिकित्सा और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। हाल ही में सामुदायिक रसोई की संख्या 1257 से बढ़ाकर 1260 की गई है, जबकि राहत शिविरों की संख्या 15 से घटकर 13 हो गई है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में पशुओं के लिए भी राहत कार्य जारी है। अब तक 13,121 क्विंटल पशुचारा वितरित किया जा चुका है।
कई नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर
केंद्रीय जल आयोग और मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, भागलपुर के सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर घट रहा है। हालांकि, राज्य की कई नदियां अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बलतारा और कुरसेला में कोसी, खगड़िया में बूढ़ी गंडक, पटना के दीघा घाट, गांधी घाट और हाथीदह में गंगा, भागलपुर के कहलगांव, मुंगेर और श्रीपालपुर में पुनपुन, बेनीबाद में बागमती तथा दरौली में घाघरा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया है।
सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ राहत, भोजन, आवास और पशुचारे की व्यवस्था जारी है। वहीं, कई नदियों के अब भी खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।





