औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक को गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। अपराधी बाइक से पहुंचे थे और सीएसपी संचालक को ओवरटेक कर पहले रोका, फिर विरोध करने पर उसकी जांघ में गोली मार दी। इसके बाद नकदी, लैपटॉप और अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
घटना फेसर थाना क्षेत्र में बद्री बिगहा और पिरौटा गांव के बीच की बताई जा रही है। घायल सीएसपी संचालक की पहचान पिरौटा गांव निवासी कामेश्वर प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद प्रदीप को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, प्रदीप कुमार फेसर थाना क्षेत्र के कुरहमा गांव में बैंक ऑफ बड़ौदा का सीएसपी चलाते हैं। गुरुवार सुबह वह अपने घर से बाइक से सीएसपी खोलने के लिए कुरहमा जा रहे थे। इसी दौरान बद्री बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार अपराधियों ने उनका पीछा कर ओवरटेक किया और रास्ते में रोक लिया।
बताया जा रहा है कि शुरुआत में दो अपराधियों ने प्रदीप के साथ मारपीट करते हुए रुपये छीनने की कोशिश की। प्रदीप ने लूट का विरोध किया और अपराधियों से भिड़ गए। इसी दौरान वहां एक और अपराधी पहुंचा और उसने प्रदीप की जांघ में गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े।इसके बाद अपराधियों ने उनके पास मौजूद करीब तीन लाख रुपये अपने कब्जे में ले लिए और मौके से फरार हो गए। स्थानीय पैक्स अध्यक्ष राजू यादव के मुताबिक, अपराधी नकदी के साथ सीएसपी संचालक का लैपटॉप और अन्य सामान भी ले गए हैं।
गोली चलने की आवाज और लूट की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल प्रदीप को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद फेसर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की है और अपराधियों के भागने वाले रास्ते समेत वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।घटना की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को मामले का जल्द खुलासा करने और वारदात में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं।
एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने कहा, "मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को कांड के त्वरित उद्भेदन और घटना में शामिल अपराधकर्मियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही मामले के दोषियों को पकड़ा जाएगा।" फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और अन्य तकनीकी जांच में जुटी है।





