PATNA: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर भव्य मंदिर बिहार में बनाने की तैयारी है। ट्रांसजेंडर समुदाय के नेता डॉ. राजन सिंह ने इसे लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मंदिर में चार द्वार बनाए जाएंगे और प्रत्येक द्वार पर एक-एक द्वारपाल की चांदी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। हालांकि, इन दावों की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
ट्रांसजेंडर समुदाय के नेता डॉ. राजन सिंह के मुताबिक, मंदिर के पूर्वी द्वार पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पश्चिमी द्वार पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तरी द्वार पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और दक्षिणी द्वार पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की चांदी की मूर्ति लगाने की योजना है। उन्होंने दावा किया कि इन नेताओं ने किन्नर समुदाय के लिए काम किया है और मंदिर निर्माण के अभियान को समर्थन दिया है।
5 एकड़ जमीन और 112 करोड़ रुपये की लागत का दावा
डॉ. राजन सिंह ने दावा किया कि पटना में करीब 5 एकड़ जमीन पर मंदिर बनाने की योजना है और इसके लिए लगभग 112 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है। मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उनके कद के बराबर सोने की प्रतिमा स्थापित करने की योजना होने की भी बात कही गई है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि मंदिर का प्रस्ताव पहले ही पास हो चुका है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दो दिन पहले परियोजना को लेकर सहमति जताई है। हालांकि, इन दावों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
17 सितंबर को हर घर के बाहर दीप जलाने की अपील
डॉ. राजन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को बिहार में लोगों से अपने घरों के बाहर एक दीप जलाने की अपील की जाएगी। उनके मुताबिक, इसी आयोजन के साथ मंदिर निर्माण अभियान की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना भगवान श्रीराम से करते हुए मंदिर निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही।
विरोध करने वालों पर लगाए गंभीर आरोप
मंदिर निर्माण का विरोध करने वाले किन्नर समुदाय से जुड़े लोगों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. राजन सिंह ने कहा कि विरोध करने वाले उनके समुदाय का प्रतिनिधित्व नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की पार्टी से जुड़े लोगों ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और उन्हें बदनाम करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि किन्नर समुदाय का फिलहाल कोई जनप्रतिनिधि नहीं है, इसलिए उनके खिलाफ इस तरह के षड्यंत्र किए जा रहे हैं।
गोली मारने और जिंदा जलाने की धमकी का आरोप
डॉ. राजन सिंह ने आरोप लगाया कि उन्हें गोली मारने और जिंदा जलाने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वह इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उनका दावा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद उनके साथ है और इसी वजह से बिहार सरकार में किन्नर समुदाय के लोगों को जिम्मेदारियां मिली हैं।
चिराग पासवान को लेकर भी किया दावा
मंदिर के उत्तरी द्वार पर चिराग पासवान की प्रतिमा लगाने के प्रस्ताव पर डॉ. राजन सिंह ने कहा कि चिराग पासवान ने हमेशा किन्नर और LGBTQ+ समुदाय का समर्थन किया है। उन्होंने दावा किया कि जब भी किन्नर समुदाय के सामने कोई संकट आया, चिराग पासवान उनके साथ खड़े रहे।
15-20 दिनों में प्रतिमा की जगह तय होने का दावा
डॉ. राजन सिंह के अनुसार, 17 सितंबर को दीप जलाने के साथ मंदिर निर्माण अभियान की शुरुआत होगी। इसके बाद 15 से 20 दिनों के भीतर मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिमा की जगह तय कर दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि यह मंदिर बिहार का सबसे विशाल मंदिर होगा और इसके निर्माण को कोई नहीं रोक सकता।





