PATNA:सरकार की लाख कोशिशों के बावजूद बिहार में जमीन विवाद का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के नबीन किशोर सिन्हा पथ (मंदिरी नाला रोड) की है, जहां करोड़ों रूपये की जमीन के लिए दो पक्ष आमने-सामने आ गये।
पौने दो कट्ठा जमीन पर कब्जा को लेकर इलाके में तनाव का माहौल हो गया। स्थिति बिगड़ता देख किसी ने इस बात की सूचना लोकल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस ने पूरी स्थिति को नियंत्रित किया। जमीन पर दावा करने वाले दोनों पक्षों से पुलिस ने पूछताछ की और उक्त जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी ली।
इस मामले पर बुद्धा कॉलोनी के थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि मामला जमीन संबंधी विवाद का है। दोनों पक्ष जमीन पर अपना-अपना दावा कर रहे हैं। दोनों पक्षों को पटना अंचल के सीओ से मिलने को कहा गया है। क्योंकि जिस जमीन को लेकर आज दो पक्षों के बीच विवाद हुआ, उक्त प्लॉट पर काफी पहले से विवाद चल रहा है, और कोर्ट ने स्टे लगा रखा है। इसके बावजूद दोनों पक्ष जमीन को लेकर रविवार को आमने-सामने आ गये।
जमीन का यह विवाद आगे ना बढ़े इसे लेकर बुद्धा कॉलोनी थाने की पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए रखी है, पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है और उन्हें समझाने की कोशिश में लगी है।





